Unnao News: उन्नाव में किशोरी का अपहरण कर किया सामूहिक दुष्कर्म, फिर हत्या कर फेंका शव
उन्नाव। उन्नाव के सफीपुर कोतवाली अंतर्गत परियर चौकी क्षेत्र के एक गांव में परिजनों के साथ सो रही दलित किशोरी का अपहरण कर लिया गया। इसके बाद उससे सामूहिक दुष्कर्म हुआ और फिर उसकी हत्या कर शव बाजार में फेंक कर आरोपी भाग गए। पुलिस को जब शव मिला तो उसने अज्ञात में उसे पोस्टमार्टम को भेज दिया। यह बात जक परिजनों को पता चली तो उन्होंने पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए रोड जाम कर दिया।
परिजनों व ग्रामीणों को उग्र देख सीओ दंगा नियंत्रण दस्ते व आधा दर्जन थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराया। परिजनों ने किशोरी की अपहरण के बाद दुष्कर्म और उसकी हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। मृतका के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट व हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।

परियर चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती रात करीब 12 बजे उसकी 15 वर्षीय भतीजी का अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया। इसके बाद उससे सामूहिक दुष्कर्म किया गया और उसकी हत्या कर शव पुलिस चौकी से 50 मीटर दूर स्थित शराब ठेके के सामने फेंक दिया गया। बिना शिनाख्त के पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस का यह काम देख आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने बिठूर-चकलवंशी मार्ग जाम कर दिया।
इससे नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने चिकित्सकों का पैनल बनाकर वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। सूचना पर एसडीएम सदर नुपुर गोयल व एएसपी शशि शेखर सिंह ने मृतका के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही फारेंसिक टीम बुलाकर जांच करने के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस ने मृतका के चाचा की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:-उन्नाव: युवती का अर्द्धनग्न शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
