हल्द्वानी: डिप्रेशन का शिकार युवक ने मां की साड़ी से फंदा लगाया
हल्द्वानी, अमृत विचार। डिप्रेशन का शिकार युवक ने मां की साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
कमलुवागांजा मुखानी निवासी कुंदन सिंह अधिकारी (30) यहां अपने पिता मोहन सिंह अधिकारी के साथ रहता था। बताया जाता है कि पिछले तीन-चार साल से कुंदन डिप्रेशन का शिकार था, जिसका इलाज चल रहा था। बीते बुधवार की दोपहर तक वह परिवार के साथ घर के निचले तल पर था। दोपहर करीब एक बजे वह दूसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में चला गया और देर तक नीचे नहीं आया।
परिवार को चिंता हुई तो वह उसके कमरे में गए और अंदर का नजारा देख उनके होश फाख्ता हो गए। सामने की मां की साड़ी से कुंदन लटक रहा था। आनन-फानन में परिजनों उसे फंदे से उतारा और एसटीएच ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, आत्महत्या के पीछे डिप्रेशन को वजह माना जा रहा है।
