बरेली: पीजो मीटर गायब, अब डीडब्ल्यूएलआर से जलस्तर की होगी जांच
बरेली, अमृत विचार। जल अनमोल है लेकिन इसका दोहन धड़ल्ले से किया जा रहा है। भूगर्भ जल विभाग साल में दो बार जलस्तर का सर्वे कर अपनी रिपोर्ट दे चुका है कि बीते कई बरसों से शहर का जलस्तर लगातार गिर रहा है। बावजूद इसके लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं।
हैरत की बात तो यह है कि विभाग की ओर से जिलेभर में भूगर्भ जलस्तर मापने के लिए पूर्व में जो पीजोमीटर लगाए गए थे इनमें से अधिकांश गायब हो गए हैं या फिर निष्क्रिय हो गए हैं। जिसके चलते समय पर जलस्तर की रिपोर्ट भी नहीं मिल रही थी। वहीं अब जिले के 15 ब्लॉकों में कुल 83 मापक यंत्र लगाए गए हैं जिनमें 45 पीजोमीटर हैं और 38 डीडब्ल्यूएलआर (डिजिटल वॉटर लेवल रिकॉर्डर) शामिल हैं। संबंधित विभाग शहरी क्षेत्र में भी डीडब्ल्यूएलआर लगाने का काम जल्द ही शुरू करेगा, जिससे जलस्तर का सही रिकार्ड उपलब्ध हो सके।
भूगर्भ जल विभाग के सीनियर हाइड्रियोलॉजिस्ट गणेश नेगी ने बताया कि देहात के समस्त ब्लॉक में डीडब्ल्यूएलआर लगाए गए हैं। यह उन इलाकों में लगाए गए हैं जहां के पीजोमीटर ठीक नहीं पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही शहरी क्षेत्र में भी डीडब्ल्यूएलआर लगाने की कवायद शुरू की जाएगी, जिसके लिए विभाग ने कार्य योजना तैयार कर ली है। जिसके माध्यम से जिलेभर में भूगर्भ के जलस्तर की जांच की सकेगी।
ये भी पढे़ं- बरेली: फरवरी में तैयार नहीं हो सकेंगे इंडोर स्टेडियम और ऑडिटोरियम
