बहराइच : ग्रामीणों के विरोध पर अधूरा निर्माण छोड़ भागा ठेकेदार, प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ग्रामीणों ने मानक का विरोध किया तो ठेकेदार ने रुकवा दिया काम, डीएम को भेजा पत्र

अमृत विचार, बहराइच। बरदहा बाजार में क्षेत्र पंचायत निधि से आरसीसी सड़क निर्माण कार्य अधूरा ही छोड़ दिया गया है। इससे नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी ने डीएम को पत्र भेजकर निर्माण कार्य पूरा कराए जाने की मांग की। सभी का कहना है कि सुनवाई न होने पर सभी आमरण अनशन शुरू कर देंगे।

शिवपुर विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बरदहा कला गांव के वार्ड नंबर एक बरदहा बाजार में सड़क काफी खराब थी। बाजार वासियों की मांग पर ब्लॉक प्रमुख ने क्षेत्र पंचायत निधि से आरसीसी सड़क निर्माण के लिए बजट आवंटित कराया था। सड़क निर्माण राम जानकी मन्दिर से राम लोचन गुप्ता के मकान तक होना था। आरसीसी सड़क निर्माण का ठेका राजकुमार मिला। गांव के लोगों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा सड़क का निर्माण शुरू कराया गया था। दो माह पूर्व ग्रामीणों ने मानक विहीन सड़क निर्माण होने की शिकायत की। इस पर ठेकेदार भड़क गया। उन्होंने निर्माण कार्य ही रुकवा दिया।

अब ग्रामीण ऊबड़ खाबड़ मार्ग से आवागमन कर रहे हैं। इससे समस्या हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ब्लॉक प्रमुख और ग्राम प्रधान से शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हुई है। इससे नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी ने हस्ताक्षरित पत्र जिलाधिकारी को भेजा। बंद पड़े सड़क निर्माण को पूरा कराए जाने की मांग की। सभी का कहना है कि यदि सड़क निर्माण पूरा न किया गया तो सभी अनिश्चित कालीन धरना देंगे। इस दौरान आशीष, रवि गुप्ता, शिवम, दिनेश, शिव गोपाल, दीपांशु गुप्ता और अभिषेक समेत अन्य शामिल रहे।

यह भी पढ़ें : VIDEO : MLA Raju Pal Murder Case के गवाह उमेश पाल की दिनदहाड़े हत्या, सुरक्षाकर्मी की भी मौत, हमलावरों ने बरसाईं गोलियां और बम

संबंधित समाचार