बरेली: किच्छा बैराज के निर्माण को नहीं मिली स्वीकृति, सताने लगी बाढ़ की चिंता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। तीन साल पहले बरसात के दिनों में भयंकर बाढ़ के कारण तबाह हुए किच्छा बैराज का निर्माण अभी तक शुरू नहीं हो सका है। तब भयंकर बाढ़ के कारण बैराज के आसपास के खेतों में बाढ़ का पानी पहुंचने से सैकड़ों एकड़ की फसल बर्बाद हो गई थी और आमजनों को भी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। वहीं अभी तक इस दिशा में कोई काम शुरू नहीं होने से बाढ़ की चिंता फिर से सताने लगी है।

यह भी पढ़ें- बरेली: पिकअप पलटने से मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

हालांकि सिंचाई विभाग के रुहेलखंड नहर खंड के अधिकारियों की ओर से कच्चे बांध के निर्माण को लेकर एक करोड़ 30 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को करीब तीन माह पहले ही भेज दिया गया था। लेकिन प्रस्ताव पर शासन ने अभी तक स्वीकृति नहीं दी है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक उम्मीद थी कि फरवरी माह में बैराज के कच्चे निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिल जाएगी। जिससे बरसात के पूर्व दिनों में क्षेत्र में आने वाले अतिरिक्त पानी से फसल की बर्बादी को रोका जा सके और आमजन भी सुरक्षित रहें।

बैराज का 80 प्रतिशत हिस्सा हो गया था बर्बाद
जानकारी के मुताबिक 2019-20 में आई भयंकर बाढ़ से किच्छा बैराज का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा बर्बाद हो गया था। बैराज से लगे सभी तटबंधों को वैकल्पिक व्यवस्थाओं के जरिए मिट्टी, रेत भरे कट्टे आदि लगाकर मजबूत किया गया, ताकि बाढ़ का पानी वहां के आसपास के क्षेत्रों को प्रभावित न कर सके। बल्कि अधिकारी इस बात की भी आशंका जता रहे हैं कि बरसाती सीजन से पूर्व यदि कच्चे बंधे का निर्माण नहीं कराया गया तो आसपास के क्षेत्रों को भी बहुत ज्यादा नुकसान हो सकता है।

सिंचाई मंत्री ने बैराज के जल्द निर्माण का दिया था आश्वासन
बैराज निर्माण को लेकर कुछ माह पूर्व सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भी किच्छा बैराज पहुंच कर वहां का जायजा लिया था। तब उन्होंने निर्माण की दिशा में तेजी से कार्य करने के निर्देश उच्चस्तरीय अधिकारियों को भी दिए थे। साथ ही उन्होंने जल्द ही बैराज के निर्माण का आश्वासन दिया था। सिंचाई मंत्री के निर्देश के बाद शासन के कई उच्चाधिकारियों ने भी किच्छा बैराज का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट तैयार की थी।

कच्चे बांध के बाद ही होगा बैराज का पक्का निर्माण
वहीं विभागीय अधिकारियों के मुताबिक किच्छा बैराज के पक्के निर्माण से पूर्व यहां कच्चा बांध तैयार कराना जरूरी है। उन्होंने बताया कि बैराज की रिडिजाइनिंग होने के बाद ही यहां पक्के बैराज का निर्माण कराया जाएगा।

बैराज निर्माण को लेकर बरसात सीजन से पहले कच्चा बांध बनाना जरूरी है। जिससे बरसात के दिनों में बाढ़ के संकट से फसल व आमजनों की सुरक्षा हो सके। कच्चे निर्माण को लेकर पिछले साल दिसंबर माह में ही प्रस्ताव तैयार कर भेज दिया गया है। उम्मीद है अगले माह की शुरूआत में शासन से निर्माण की स्वीकृति मिल जाएगी---वैभव वाजपेयी, सहायक अभियंता प्रथम, रुहेलखंड कैनाल डिवीजन।

यह भी पढ़ें- बरेली: राम बारात और शब-ए-बारात एक ही दिन, पुलिस के लिए बड़ी चुनौती

संबंधित समाचार