रामपुर: हॉकी क्लब को दी गई जमीन कब्जाकर बेचने का आरोप, डीएम को लिखा पत्र
रामपुर, अमृत विचार। पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने शुक्रवार को अंतिम शासक नवाब रजा अली खां का एक गजट पेश कर गांधी समाधि के पास स्थित हॉकी क्लब की जमीन कब्जाकर बेचने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को लिखे पत्र के साथ रामपुर स्टेट गजट की प्रति भेजी है, जिसके अनुसार रामपुर के अंतिम शासक ने 2 अक्टूबर 1941 को हॉकी मैदान के लिए जमीन दी थी। पत्र में कहा गया है कि इस जमीन के कुछ हिस्से पर खुद को शाही परिवार से अपनी रिश्तेदारी बताने वाले सलमान अली नाम के व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है।
कहा गया है कि सलमान अली आम आदमी पार्टी के टिकट पर रामपुर से लोकसभा चुनाव भी लड़ चुका है। आरोप है कि व्यक्ति ने भू माफिया से मिलकर प्लाटिंग कर इस जमीन का कुछ हिस्सा बेच दिया है। हालांकि, हाईकोर्ट ने रिट याचिका संख्या 3703 / 2016 में दिनांक 29 जनवरी 2016 को आदेश पारित कर यथा स्थिति के लिए कहा है। आदेश का उल्लंघन कर लगातार प्लॉट बेच रहा है और खेल मैदान में दीवार खड़ी कर अपना भी अपना गेट भी इसके द्वारा लगा दिया गया है।
उन्होंने कहा है कि पूर्व में विभिन्न शिकायतों पर भूमि की पैमाइश हुई है, लेकिन साठगांठ कर गलत और भ्रामक रिपोर्ट पेश कर दी जाती है। खेल मैदान के पास से गुजर रहे नाले की जमीन को भी इसमें नाप कर रकबा पूरा कर दिया जाता है जोकि सरासर गलत है।
रोड-नाले को छोड़कर हाकी मैदान की जगह नापी जाए तो काफी भूमि उक्त व्यक्ति के जरिए कब्जा कर बेचा जाना साबित होगा। कहा कि इस व्यक्ति और उसके परिवार द्वारा पूर्व में आकाशवाणी केंद्र रामपुर की भूमि को भी अपना बताकर कोर्ट की शरण ली गई थी, जहां से निर्णय के इनके खिलाफ हुआ है और आकाशवाणी की जमीन कब्जाने और मुआवजा लेने का मंसूबा पूरा नहीं हुआ है।
मांग है कि खेल मैदान की भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए, बेची गई जमीन के बैनामे और अनुबंध पर निरस्त किए जाए। इस भूमि की खरीद-फरोख्त रोकी जाए, भूमाफिया द्वारा खेल मैदान पर खड़ी की गई दीवार तोड़ी जा जाए और दोषियों को दंडित किया जाए।
यह भी पढ़ें- दो जन्म प्रमाण-पत्र मामले में बीमारी के चलते कोर्ट में पेश नहीं हुए आजम, अब 6 मार्च को सुनवाई
