सरकार ने पिछली वित्तीय प्रबंधन पर किया कार्य, कर चोरी रोकी: सांसद घनश्याम सिंह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने कहा कि डबल इंजन वाली सरकार का बजट आत्मनिर्भर भारत के अमृतकाल का पहला बजट है। बजट समाज के हाशिए पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के मूल मंत्र को साकार करने का सुदृढ़ प्रयास है।

भाजपा ने चुनावों से पहले जनता से घोषणापत्र में जो वादे किए थे, बजट में उन वादों को पूरा करने का प्रयास किया गया है। सरकार ने कर चोरी को रोका और वित्तीय प्रबंधन पर कार्य किया। पिछली सरकारों की तुलना में अधिक राजस्व कर सरकार को मिलने लगा है। 

गैस्ट हाउस में शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में सांसद ने कहा कि यूपी के बजट में राज्य के किसानों, भूमिहीन कृषि मजदूरों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गो की समृद्धि, गांवों की आर्थिक प्रगति शिक्षा में गुणवत्ता एवं प्रगति के नए आयाम जनता के लिए संवदेनशील प्रशासन की भावना के साथ देश और प्रदेश के लोगों को समर्पित है। बजट प्रस्ताव में महिलाओं के लिए महिला सम्मान बचत प्रमाण पत्र की योजना में दो साल के लिए 7.5 प्रतिशत की निश्चित दर से जमा राशि पर ब्याज मिलेगा।

इसके तहत अधिकतम जमा राशि दो लाख रुपये रखी गई है। किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए सिंचाई संसाधनों और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए एवं मत्स्य कारोबार को बढ़ावा देने के लिए बजट में विशेष व्यवस्था की गई है। कहा कि घर-घर तक जल पहुंचाने के लिए सरकार ने बजट में बड़ी व्यवस्था की है। प्रत्येक गांव में पानी की टंकी के माध्यम से आमजन को जल की आपूर्ति दने का काम सरकार कर रही है।

मूंढापांडे में जल्दी शुरू होगी हवाई सेवा
सांसद ने कहा कि रामपुर के नजदीक मूंढापांडे हवाई अड्डे से जल्दी ही हवाई सेवा शुरू होगी। इसके अलावा अमृत योजना के तहत रेलवे स्टेशन का सौंद्रयीकरण मोदी सरकार करवा रही है। रामपुर रेलवे स्टेशन का भी अमृत योजना के तहत सौंद्रयीकरण कराया जा रहा है। इसके अलावा रोडवेज के बेड़े से खराब बसों को हटाने और 400 करोड़ रुपये से एक हजार नई बसों को खरीदने के लिए बजट में व्यवस्था की गई है। 

केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में दी जानकारी 
सांसद घनश्याम सिंह ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि किसानों को हर वर्ष किसान सम्मान निधि के रूप में छह हजार रुपये प्रति वर्ष मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत अपना कोई व्यवसाय करने के लिए 10 लाख रुपये तक का लोन दिया जाता है।

आयुष्मान भारत योजना गरीबों के लिए जीवनदान साबित हो रही है। इसके तहत 10 करोड़ गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये प्रतिवर्ष फ्री बीमा की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला योजना, बीमा योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की जानकारी दी।

यह भी पढ़ें- रामपुर: हॉकी क्लब को दी गई जमीन कब्जाकर बेचने का आरोप, डीएम को लिखा पत्र

संबंधित समाचार