इस नंबर से आ रही कॉल तो हो जाएं सावधान, रिसीव होते ही हो जाएगा आपका अकाउंट खाली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शातिर हर रोज ठगी के नए तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। साइबर ठग अब लोगों को 140 से शुरू होने वाले फर्जी टोल फ्री नंबर से कॉल करते हैं। कॉल रिसीव होते ही अकाउंट खाली कर देते हैं। 2022 में जिले में कुल 1303 मामले साइबर ठगी के दर्ज हुए थे। साथ ही 1250 मामले जन शिकायत प्रकोष्ठ में पहुंचे थे।

पुलिस करेगी जागरूक
साइबर ठग इतने एक्सपर्ट हो गए हैं कि अब कंपनियों की फर्जी वेबसाइट और टोल फ्री नंबर बनाकर लोगों को शिकार बना रहे हैं। हालांकि, अभी जिले में ऐसा मामला सामने नहीं आया है, फिर भी बेंगलुरु, दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में ऐसे 60 से ज्यादा मामले सामने आने के बाद बरेली पुलिस भी सक्रिय हो गई है। जल्द ही अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करेगी।

ऐसे करते हैं ठगी
कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे ही गिरोह का पर्दाफाश किया था, जो 140 से शुरू होने वाले टोल फ्री नंबर से कॉल कर खाताधारक को फोन करता था। क्रेडिट कार्ड का बिल जमा करने या उसकी ईएमआई टूटने पर छूट का लालच देता था। ऑनलाइन फॉर्म भेजकर उसमें क्रेडिट कार्ड का नंबर, सीवीवी व नाम समेत अन्य डिटेल भरवाते हैं। डिटेल के जरिये खाताधारक के अकाउंट से रकम उड़ा देते हैं।

सबसे ज्यादा लिंक भेजकर ठगी
जिले में अभी तक सबसे ज्यादा ठगी के मामले लिंक के माध्यम से सामने आए हैं, जो फिशिंग लिंक होते हैं। इन पर क्लिक करते ही स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड हो जाता है। जब तक लोग समझ पाते हैं, तब तक उनका मोबाइल पे-वॉलेट हैक हो जाता है। साइबर ठग कुछ ही सेकेंड में बैंक खाता खाली कर देते हैं।

किसी भी टोल फ्री नंबर से कॉल आने पर किसी को व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक न करें। बरेली में अभी तक टोल फ्री नंबर 140 से शुरू होने वाले नंबर से ठगी को कोई भी मामला सामने नहीं आया है---अखिलेश कुमार चौरसिया, एसएसपी।

यह भी पढ़ें- कटरी हत्याकांड: सुरेश प्रधान समेत 21 के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, जमीनी जंग को लेकर हुई थी तीन की हत्या

संबंधित समाचार