अयोध्या : स्वच्छता हीरो के रूप में चयनित 100 छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्वच्छता के प्रति जागरूक 20 प्रबुद्ध नागरिकों को स्वच्छता चैम्पियन की उपाधि से किया गया विभूषित

अयोध्या, अमृत विचार। स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत संचालित प्रतिस्पर्धा स्वच्छ सर्वेक्षण-2023 के मद्देनजर स्वच्छता सम्मान समारोह का आयोजन शुक्रवार को अवध युनिवर्सिटी के विवेकानन्द सभागार में किया गया। समारोह में नगर निगम की ओर से नगर क्षेत्र के 50 विद्यालयों से स्वच्छता हीरो के रूप में चयनित 2-2 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

वहीं राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त युवा साहित्यकार यतीन्द्र मोहन प्रताप मिश्र, महंत हनुमत निवास पंचमुखी हनुमान मन्दिर कैण्ट के मिथलेश नन्दिनी शरण को स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर की उपाधि से विभूषित किया गया। इसी के साथ ही निगम क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूक 20 प्रबुद्ध नागरिकों को स्वच्छता चैम्पियन की उपाधि से विभूषित किया गया। 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गौरव दयाल ने विभूतियों को सम्मानित करने के बाद अपने सम्बोधन में कहा कि शहर को स्वच्छ रखने मे आम जनमानस की एक महती भूमिका है, स्वच्छता किसी संस्था या किसी व्यक्ति द्वारा करना संभव नहीं है अपितु अयोध्या नगर को सबसे स्वच्छ शहर बनाने के लिए हर वर्ग,हर जाति, हर समुदाय को एक साथ होकर आगे आना होगा। समारोह की अध्यक्षता नगर आयुक्त विशाल सिंह ने की। संचालन अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने किया।

समारोह के दौरान अयोध्या अकादमी के बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत किया। सनबीम स्कूल के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति की। मेथोडिस्ट स्कूल द्वारा घूमर-घूमर गीत पर शानदार प्रस्तुति की गयी। इसके उपरान्त, केटी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने केशरी रंग गीत की प्रस्तुति की। समारोह में महंत मिथिलेश नंदनी शरण,  अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, वागीश शुक्ल, उप नगर आयुक्त स्वर्ण सिंह, सहायक नगर आयुक्त अंकिता शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त विपिन द्विवेदी, मुख्य अभियन्ता कमलजीत सिंह, महाप्रबन्ध जल महेश चन्द आजाद सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

इन्हें किया गया स्वच्छता चैम्पियन के लिए सम्मानित

स्वच्छता चैम्पियन के रूप में सम्मानित किए गए लोगों में अतुल सिंह, मंजुला झुनझुनवाला, महंत विवेक आचारी, विजय गुप्त, राधेश्याम गुप्त, धीरज राजपाल, डॉ. सुमिता वर्मा, डॉ. सर्वेस सिंह, डॉ. मंजूषा पाण्डेय, महंत गिरीशपति त्रिपाठी, सुशील जायसवाल, प्रतिमा शुक्ला, ज्ञानी गुरूजीत सिंह, अरविन्द श्रीवास्तव, आशोका द्धिवेदी, पंकज गुप्त, अनुज दास, मेघा यादव, प्रदीप तिवारी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें : बाराबंकी : 5 पीसीएस अफसरों के कार्यक्षेत्र में बदलाव

संबंधित समाचार