सुलतानपुर: भाकियू के प्रदर्शन पर खरीदा गया किसानों का धान
जयसिंहपुर, सुलतानपुर, अमृत विचार। धान खरीद केंद्र पर खरीद बंद होने से किसानों के धान की तौल न होने पर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारियों ने किसानों के साथ राजकीय धान क्रय केंद्र दोस्तपुर पर धरना प्रदर्शन किया। जिसके बाद डीएम के आदेश पर किसानों के धान की खरीद की गई। देश का अन्नदाता जाड़ा गर्मी बरसात में बिना परवाह किए अपनी फसल उगाता है।
फसल तैयार होने के बाद उसे अनाज को बेचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसा ही मामला दोस्तपुर ब्लॉक क सामने आया है। जहां चार किसानों ने अपना करीब 70 कुंतल धान राजकीय धान क्रय केंद्र के बाहर दोस्तपुर में रखा था। लेकिन धान क्रय केंद्र के प्रभारी खरीद नहीं कर रहे थे।
किसानों की समस्याओं को देखते हुए भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिला महासचिव कर्मराज द्विवेदी ने धान तौल कराने का बीड़ा उठाया। शनिवार को वह पदाधिकारियों और किसानों साथ राजकीय धान क्रय केंद्र दोस्तपुर पहुंच गए और धरना प्रदर्शन करने लगे।
डीएम के निर्देश के बाद एसएमआई ने किसानों के धान की तौल कराई। जिसके बाद भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इस मौके पर जिला मीडिया प्रभारी रिजवान अहमद, राजकिशोर ब्लॉक अध्यक्ष दोस्तपुर, राम प्रसाद बिंद, वीरेंद्र बहादुर सिंह, शेर बहादुर विश्वकर्मा, श्याम बहादुर सिंह, मोहम्मद हारून आदि रहे।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: स्कूलों के निरीक्षण में सात शिक्षक मिले गैरहाजिर, स्पष्टीकरण तलब
