Kanpur News : पहली बार राशन में गेहूं चावल के साथ बाजरा भी, 1.71 लाख राशन धारक उठाएंगे लाभ
कानपुर में पहली बार राशन में गेहूं, चावल के साथ बाजरा भी मिलेगा।
कानपुर में राशन धारकों को पहली बार गेहूं, चावल के साथ बाजरा भी मिलेगा। 1.71 लाख राशन धारक लाभ उठाएंगे। 6899 क्विंटल बाजरा की कानपुर देहात से खरीद की गई है।
कानपुर, [मनीष तिवारी]। बाजरे का महत्व समझाने के बाद अब राशन के झोलों में उसे खुराक के रूप में घर-घर पहुंचाने का काम भी सरकार ने शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों की तरह कानपुर में भी पहली बार बाजरा राशन कार्ड धारकों को मिलने जा रहा है। मार्च में राशन डीलर के यहां से जिले के 1.71 लाख पात्र गृहस्थि (पीएच) कार्ड धारकों को गेहूं और चावल के साथ एक किलो बाजरा भी दिया जाएगा। इसके लिए जिला पूर्ति विभाग ने कानपुर देहात से करीब सात हजार क्विंटल बाजरा खरीदा है।
केंद्र और राज्य सरकार विभिन्न आयोजनों के माध्यम से लोगों को मोटे अनाज के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसी मुहिम के साथ प्रदेश सरकार पहली बार राशन डीलरों के माध्यम से लोगों को बाजरा खिलाने के लिए इसे धरातल भी उतारने जा रही है। जिले में 804432 राशन कार्ड धारक हैं। इसमें 741284 पीएच राशन कार्ड धारक हैं। पीएच कार्ड धारकों को राशन में बाजरा देने के लिए शासन से जिला पूर्ति विभाग को निर्देश जारी हुए थे, लेकिन जिले में इतने पीएच कार्ड धारकों को बाजरा देने के लिए 28 हजार क्विंटल तक की आवश्यकता थी।
कानपुर देहात की मंडी से विभाग को सिर्फ 6899.11 क्विंटल ही बाजरा मिल सका। कम मात्रा होने की वजह से सभी पीएच धारकों को एक-एक किलो बाजरा दे पाना संभव नहीं था। इसकी वजह से मंथन हुआ और फिर पांच ब्लॉक और दो नगरीय क्षेत्रों के पीएच कार्ड धारकों को इस योजना में शामिल किया गया। विभाग ने कल्याणपुर, बिधनू, घाटमपुर, पतारा, भीतरगांव के लिए 162019 और बिठूर नगर पंचायत और घाटमपुर पालिका के 8991 कार्ड धारकों की सूची तैयार की है।
इन्हें एक-एक किलो बाजरा देने के लिए मार्च में तिथि तय होते ही वितरण शुरू कर दिया जाएगा। इन कार्ड धारकों को प्रति यूनिट मिलने वाले तीन किलो चावल में एक किलो कम करते हुए बाजरा शामिल किया जाएगा, जबकि गेहूं पूर्व की भांति दो किलोग्राम ही मिलेगा। इस योजना में अंत्योदय कार्ड धारकों को शामिल नहीं किया गया है।
पीएच को पूर्व में मिलता था
कब कुल गेहूं चावल बाजरा
वर्तमान 5 किग्रा 2 किलो 3 किलो 0 किलो
मार्च 5 किग्रा 2 किलो 2 किलो 1 किलो
(कार्ड धारकों के लिए यह व्यवस्था प्रति यूनिट पर है)
अंत्योदय को नहीं मिलेगा
जिले में 63148 अंत्योदय कार्ड धारकों को 35 किलोग्राम राशन मिलता है। इसमें उन्हें 21 किलो चावल और 14 किलो गेहूं मिलता है। बाजरे को इनके राशन में शामिल नहीं किया गया है।
जानें कहां कितनों को मिलेगा
ब्लॉक कार्ड धारक
कल्याणपुर 33079
बिधनू 34802
घाटमपुर 39687
पतारा 28433
भीतरगांव 32157
बिठूर (न. पंचा.) 2170
घाटमपुर (पालिका) 6821
सेहत के लिए फायदेमंद है बाजरा
- फाइबर से भरपूर
-बच्चों के लिए सुपरफूड
-कैल्शियम और मैग्नीशियम की मात्रा भरपूर
-हड्डियों को मजबूत बनाता है
-हाई एंटीऑक्सीडेंट फूड
- मधुमेह को नियंत्रित करने में मदद
- दिल को स्वस्थ रखता है
पहली बार राशन में बाजरा दिया जाएगा। मार्च में पांच ब्लॉक और एक नगर पंचायत व एक पालिका के पीएच राशन कार्ड धारकों को एक किलो बाजरा देने की योजना बनाई है।- राकेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी
