भाजपा को छोड़ सब ने मुस्लिमों को छला - गुलाम अली खटाना
अल्पसंख्यक समुदाय को मिल रहा है केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का फायदा
अमरोहा, अमृत विचार। भाजपा के राज्यसभा सदस्य गुलाम अली खटाना ने मोदी सरकार को अल्पसंख्यकों का सबसे बड़ा हितैषी बताते हुए कहा है कि अन्य पार्टियों ने हमेशा अल्पसंख्यकों विशेष कर मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है। मुस्लिम समाज को उसके अधिकार नहीं दिए गए।
उन्होंने कहा कि अब अल्पसंख्यक समाज विशेष रूप से मुस्लिम समझ गए हैं कि उन्हें भाजपा के अलावा अन्य राजनीतिक पाटियों ने छला है। अब मुस्लिम समाज ऐसी पार्टियों के बहकावे में आने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक खासकर मुस्लिम व पसमांदा समाज के लिए मोदी सरकार की सोच तथा मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों को उनके सामने रखने के लिए वह यहां आए हैं।
पत्रकारों के यह पूछने पर कि एक ओर मोदी सरकार ने बजट में मुस्लिमों से जुड़े संस्थान मौलाना आजाद फाउंडेशन व अन्य संस्थाओं का बजट कम कर दिया है तथा दूसरी ओर उन्हें अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश की जा रही है। क्या यह सही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पार्टी की कार्यकारिणी में मुस्लिम समाज के लिए जो कुछ कहा है, वह एक नजीर है। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के नेता व देश के प्रधानमंत्री की बात को हल्के में नहीं लेना चाहिए।
पिछड़ों की जनगणना के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि जो इसकी मांग कर रहे हैं, उनकी नीयत में खोट है। आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त अनाज दिए जाने जैसी कई योजनाओं का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि क्या यह किसी एक समुदाय या एक समाज के लिए हैं।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी के साथ ही अन्य राजनीतिक दलों को घेरते हुए कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय को अलग थलग करने वाले दल अब हाथ मलने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने अल्पसंख्यकों का आह्वान किया कि वह स्वंय को अलग न समझ कर देश में की चल रही योजनाओं का भरपूर फायदा उठाएं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करें।
इस मौके पर मौलाना आजाद एजूकेशन फाउंडेशन नई दिल्ली के पूर्व सदस्य अकरम हाशमी, मौअज्जम खां, शहजाद नकवी, असलम खान, नईम रजा, सादिक रजा, नसीम, खुर्रम इंजीनियर, निखिल जैन, तौहीद सिददीकी, मिक्की नकवी, गुफरान नकवी, मुर्तजा नकवी, अली मोहतशित, रजा नकवी आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- अमरोहा : घर में फंदे से लटका मिला छात्र का शव, परिवार में मचा कोहराम
