बरेली: प्रथम वर्ष के प्रोन्नत छात्रों का अगले साल आएगा रिजल्ट
बरेली,अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय के छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नत करने की गाइडलाइन अंतिम चरण में है, जिसके इसी सप्ताह जारी होने की संभावना है। इसमें स्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों को उनकी गत वर्ष की इंटरमीडिएट परीक्षा के आधार पर अंक आवंटित न करने की सिफारिश की गई है। …
बरेली,अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय के छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नत करने की गाइडलाइन अंतिम चरण में है, जिसके इसी सप्ताह जारी होने की संभावना है। इसमें स्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों को उनकी गत वर्ष की इंटरमीडिएट परीक्षा के आधार पर अंक आवंटित न करने की सिफारिश की गई है।
सूत्रों के मुताबिक समिति का सुझाव है कि स्नातक या परास्नातक प्रथम वर्ष के ऐसे सभी पाठ्यक्रम, जिनकी कोई परीक्षा नहीं हुई है। उनमें पंजीकृत सभी छात्रों को प्रोन्नत तो कर दिया जाएगा। मगर परिणाम जारी नहीं होगा। अगली यानी द्वितीय वर्ष की परीक्षा के आधार पर औसत अंक आवंटित किए जाएंगे।
समिति ने दो पॉलिसी बनाई हैं, जो अलग-अलग पाठ्यक्रमों पर लागू होंगी। मसलन, बीबीए, बीसीए, बीटेक, बीफार्मा, एमएबीए, एमसीए, होटल मैनेजमेंट यह सभी सेमेस्टर श्रेणी में संचालित कोर्स हैं। इनके प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा हो चुकी है। लिहाजा द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों प्रथम सेमेस्टर के परिणाम के आधार पर औसत देकर रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा।
वहीं, बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी, एमकॉम, बीएड, बीलिब, एमलिब आदि पाठ्यक्रमों की परीक्षा में वार्षिक होती है। इस कारण प्रथम वर्ष के छात्रों की कोई परीक्षा नहीं हो पाई है। इसलिए उनका मूल्यांकन इंटर के आधार नहीं बल्कि द्वितीय वर्ष की परीक्षा के आधार पर होगा। यानी प्रथम वर्ष के छात्रों का रिजल्ट अगले साल घोषित होगा। समिति से जुड़े प्रोफेसर बताते हैं कि स्नातक व परास्नातक प्रथम वर्ष के सभी छात्र प्रोन्नत होंगे। बशर्ते उन्हें द्वितीय वर्ष की परीक्षा में अधिक मेहनत करनी होगी, क्योंकि उसी आधार पर उनके प्रथम वर्ष का मूल्यांकन होगा।
जिन विषयों की परीक्षा अटकी, उन्हें में प्रमोशन
स्नातक व परास्नातक की आधी परीक्षाएं हो चुकी हैं। जिन विषयों के पेपर हो चुके हैं, उनकी कॉपी जांची जाएंगी और परीक्षा के आधार पर अंक दिए जाएंगे। वहीं, जिन विषयों की परीक्षा नहीं हुई है। केवल उन्हीं में छात्रों को प्रोन्नत किया जाएगा।
“छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नत करने के संबंध में समिति गाइडलाइन तैयार कर रही है। जिसके तैयार होने के बाद इस पर चर्चा की जाएगी। तब इसे वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।” -संजीव कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक-एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय
