मुरादाबाद : थर्माकोल की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, तीन करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान
मुरादाबाद, अमृत विचार। ब्लॉक क्षेत्र के गांव नूरपुर स्थित थर्माकोल फैक्ट्री में आग लगने से करोड़ों रुपए का माल जलकर नष्ट हो गया। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण रविवार दोपहर 12 बजे फैक्ट्री से धुआं निकलते देखा तो कर्मचारियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियों ने कई घंटे में आग पर काबू पाया। उपजिलाधिकारी राजबहादुर सिंह, क्षेत्राधिकारी सलोनी अग्रवाल, मैनाठेर कोतवाली प्रभारी तेजवीर सिंह और सीओ कटघर शैलजा मिश्र भी घटनास्थल पर पहुंचे। फैक्ट्री स्वामी आग लगने से तीन करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है।

मुरादाबाद के अमरोहा गेट निवासी फैक्ट्री स्वामी अनंत अग्रवाल के अनुसार उनकी संभल-चन्दौसी मार्ग पर गांव नूरपुर स्थित सूर्या थर्माकोल की फैक्ट्री है। इसकी ऊपरी तल पर टिनशेड लगाकर खाली माल रखने के लिए गोदाम बनाया था। जहां पर काफी तादात में थर्माकोल का दाना रखा था। उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर 12 बजे शॉर्ट सर्किट की चिंगारी से फैक्ट्री में आग लग गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना पर पहुंची दमकल टीम की सात गाड़ियां पहुंची और पानी की बौछारें शुरू कर दी। तब जाकर कई घंटे में आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक फैक्ट्री में रखा थर्माकोल, दाना और अन्य सामान जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि कोई भी हताहत नहीं हुआ।

मैनाठेर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शॉर्ट सर्किट की चिंगारी से थर्माकोल ने आग पकड़ ली। इसके बाद गोदाम में आग लग गई। वहीं फैक्ट्री ने बताया कि आग से लगभग तीन करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों का पता कर रहा है।
आग लगते ही मची भगदड़
कुंदरकी। आग का विकराल रूप देखकर आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। लोग अपने घरों और दुकानों को छोड़कर इधर-उधर भागने लगे। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री की कुछ मशीनों को भी भारी नुकसान हुआ है।
डेढ़ दर्जन श्रमिक कर रहे थे काम
कुंदरकी। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में करीब डेढ़ दर्जन श्रमिक काम कर रहे थे। रविवार के चलते श्रमिकों की संख्या कम थी। आग की लपटे देख श्रमिकों के पसीने छूट गए और वह अपनी जान बचाने के लिए फैक्ट्री से बाहर भागने लगे। गनीमत यह रही कि फैक्ट्री के बराबर में और भी कई फैक्ट्री हैं, अगर समय से आग पर काबू नहीं पाया जाता तो पास की और भी फैक्ट्रियों में आग फैल सकती थी।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : अब निजी हाथों में जाएगा एमडीए के ईको हर्बल पार्क का रखरखाव
