Kanpur : बिजलीघर से पांच सौ मीटर दूरी पर हो रही थी बिजली चोरी, विजिलेंस टीम ने मारा छापा
कानपुर में विजिलेंस टीम ने छापा मारकर बिजली चोरी पकड़ी।
कानपुर के फूलबाग बिजलीघर से पांच सौ मीटर दूरी पर ही बिजली चोरी हो रही थी। इस पर विजिलेंस टीम ने छापा मारा। हालांकि अधिकारी मामले को दबाने में जुटे।
कानपुर, अमृत विचार। फूलबाग बिजलीघर से कुछ दूरी पर मल्टीलेवल पार्किंग के पास ही कटिया डाल कर अस्पताल और पूरे परिसर में कई माह से बिजली चोरी की जा रही थी। विजिलेंस टीम ने छापा मार कर कटिया तो उतार ली, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया। वहीं जनरलगंज में बकाया होने के बाद भी दूसरा कनेक्शन दे दिया गया। जब केस्को अधिकारियों से जानकारी मांगी गई तो वह मामले को दबाने में जुट गए।
पहला मामला
कैंट के 78 नंबर भूखंड में अस्पताल, मेडिकल स्टोर, बैंड और लोगों के लिए आवास बने हैं। यह परिसर मो.शकील के नाम पर है। बिजली कनेक्शन पर लाखों रुपये बकाया होने के चलते कनेक्शन काट दिया गया था। सूत्रों ने बताया कि इसके बाद दोबारा कनेक्शन लेने के बजाए केस्को अधिकारियों की मिलीभगत से कटिया से यह फिर से रौशन हो गया। विजिलेंस टीम को जानकारी मिलने पर पिछले सप्ताह छापा मार कर कनेक्शन काट कर तार जब्त कर लिया गया, लेकिन मामला नहीं दर्ज किया गया। जबकि भूखंड मालिक पर बिजली चोरी का मामला दर्ज किया जाना चाहिए था,लेकिन अधिकारियों की मिलीभगत से इसको दबा दिया गया।
दूसरा मामला
जनरलगंज के 49/10 में आरके जैन के नाम पर कनेक्शन था। जिस पर लाखों रुपये बकाया होने पर काट दिया गया। सूत्रों का कहना है कि पैसा जमा कराने के बजाए अधिकारियों की मिलीभगत से उनके बेटे के नाम पर कनेक्शन जारी कर दिया गया। मजेदार बात यह है कि भूखंड पर दो और कनेक्शन दे दिए गए। कटिया डाल कर बिजलीचोरी भी की जा रही है, जबकि नियमत: यदि किसी भूखंड पर बिजली बिल बकाया है तो उसको क्लीयर कराए बगैर कनेक्शन नहीं जारी किया जा सकता। इसके बाद भी यहां पर कनेक्शन दे दिए गए।
मामला संज्ञान में आया है,मामले पर संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। बिजली चोरी करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा। उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।- प्रदीप दुबे, एसपी विजिलेंस
