अयोध्या: अनपढ़ का हस्ताक्षर बनाकर स्कूल का खाता संचालित करने का आरोप, जांच के आदेश
मिल्कीपुर/ अयोध्या, अमृत विचार। विद्यालय प्रबंध समिति की अनपढ़ अध्यक्ष का निशानी अंगूठा लगवाने के बजाए फर्जी हस्ताक्षर बनाकर प्रधानाध्यापक द्वारा खाता संचालित करने का मामला सामने आया है। मामला सामने आने पर जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
प्राथमिक विद्यालय बसापुर की प्रबंध समिति की अध्यक्ष ने जिलाधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा कुमारगंज के शाखा प्रबंधक को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया है। ग्राम पंचायत सिधौना अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बशापुर में विगत कई वर्षों से विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष के रूप में लक्ष्मी पांडे पत्नी कृष्ण कुमार पांडे को नियुक्त किया गया। श्रीमती पांडेय का कहना है कि वे पूरी तरह से अनपढ़ है। अंगूठा सादे कागज पर विद्यालय की प्रधानाध्यापक प्रतिभा सिंह द्वारा लगवा लिया गया। इसके उपरांत बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा कुमारगंज में विद्यालय प्रबंध समिति का खाता खुलवा लिया गया। अनपढ़ होने के बावजूद उनका हस्ताक्षर बना कर खाते का संचालन काफी दिनों से किया गया।
शिकायत के बाद विभाग प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई करने के बजाए मामले को पूरी तरह से दबाने में जुटा हैं। खंड शिक्षा अधिकारी रिचा सिंह ने बताया मामला संज्ञान में है। प्रधानाध्यापिका से एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी कराई जाएगी।
ये भी पढ़ें - Up Budget Session 2023: सुरेश खन्ना बोले- प्राथमिक विद्यालयों में सुधार, लेकिन अभी बहुत कुछ करना बाकी
