गडकरी ने टाटा मोटर्स के पहले रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी का किया वर्चुअल उद्घाटन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जयपुर। केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भारत के अग्रणी ऑटोमोबाइल निर्माता टाटा मोटर्स के राजस्थान के जयपुर में पहले रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी (आरवीएसएफ) रीसायकल विद रेस्पेक्ट (सम्मान के साथ पुनर्चक्रण) का आज वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अत्याधुनिक फैसिलिटी की क्षमता प्रति वर्ष 15 हजार वाहनों की है और यहाँ कालातीत (जिन वाहनों का समय पूरा हो चुका है)वाहनों के सुरक्षित और संवहनीय विघटन के लिए विष-स्तरीय, पर्यावरण-हितैषी पद्धतियों को लागू किया गया है। इसका विकास और परिचालन टाटा मोटर्स के पार्टनर गंगानगर वाहन द्वारा किया जा रहा है, और यहाँ सभी ब्रांड के यात्री और वाणिज्यिक कालातीत वाहनों को स्क्रैप करने की अत्याधुनिक व्यवस्था है। 

इस अवसर पर गडकरी ने कहा कि “राष्ट्रीय वाहन स्क्रैपिंग नीति को बेकार और प्रदूषक वाहनों को चरणबद्ध रूप से हटाने के लिए एक परितंत्र के निर्माण के द्वारा चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने और हरित एवं ज्यादा ईंधन-दक्ष वाहनों से उन्हें बदल कर देश में कार्बन फुटप्रिंट कम करने के लक्ष्य के साथ लागू किया गया था। मैं वैश्विक मानदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण फैसिलिटी की स्थापना के लिए टाटा मोटर्स को बधाई देता हूँ। हम भारत को पूरे दक्षिण एशियाई क्षेत्र के लिए वाहन स्क्रैपिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रहे हैं और इस उद्देश्य के लिए हमें भारत में ज्यादा संख्या में इस प्रकार की अत्याधुनिक स्क्रैपिंग और रीसाइक्लिंग यूनिट्स की ज़रुरत है।” 

इसके लॉन्च के विषय में टाटा मोटर्स के कार्यकारी निदेशक गिरीश वाघ ने कहा “ टाटा मोटर्स में हम मोबिलिटी को अधिक पर्यावरण-हितैषी और चिरस्थाई बनाने के लिए इसके हर पहलू पर गहराई से ध्यान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस आरवीएसएफ (रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी) के उदघाटन के साथ कालातीत वाहनों के उत्तरदायित्वपूर्ण विघटन में एक नई शुरुआत हुई है। वैश्विक मानदंडों और इष्टतम रीसाइक्लिंग पद्धतियों के साथ हम न्यूनतम अपशिष्ट सुनिश्चित करते हुए भावी उपयोग और सामान्य बेहतरी के लिए स्क्रैप से अधिकतम मूल्य उत्पन्न करना चाहते हैं। 

हम राष्ट्रीय वाहन स्क्रैप एज नीति बनाने में गडकरी के दूरदर्शी प्रयासों की सराहना करते है और अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पूरे देश में रीसायकल विद रेस्पेक्ट स्थापित करने की आशा करते हैं। इन विकेन्द्रित फैसिलिटीज से ग्राहकों को लाभ होगा, उत्पन्न आर्थिक मूल्यों का सहभाजन होगा, रोजगार पैदा होंगे और देश के हर हिस्से में पर्यावरण-हितैषी विधि से वाहनों को स्क्रैप करने की ज़रुरत पूरी होगी।” 

उन्होंने बताया कि इस अत्याधुनिक इस फैसिलिटी को सभी ब्रांडों के कालातीत यात्री और वाणिज्यिक वाहनों को विघटित करने और प्रदूषण कम करने के लिए डिजाईन किया गया है। परेशानी रहित, कागज़ रहित परिचालन के लिए यह पूरी तरह डिजिटलीकृत है और इसमें टायरों, बैटरियों, ईंधन, तेल, तरह पदार्थों और गैसों जैसे अवयवों के सुरक्षित विघटन के लिए समर्पित स्टेशंस हैं। वाहनों को एक सख्त दस्तावेजीकरण और विघटन प्रक्रिया से गुजरना होता है तथा यात्री और वाणिज्यिक वाहनों की ज़रुरत के अनुसार अलग-अलग प्रक्रिया निर्धारित की गई है। 

ये भी पढ़ें- मनीष सिसोदिया को राहत नहीं, SC ने खारिज की याचिका, CJI ने कहा- यहां नहीं सुन सकते, HC जाइए

संबंधित समाचार