Mahoba Murder : क्रशर मुनीम को मालिक ने गोली मारकर उतारा मौत के घाट, आपसी कहासुनी में घटना को दिया अंजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महोबा में क्रशर मुनीम को मालिक ने गोली मारकर की हत्या।

महोबा के कबरई थाना क्षेत्र में आपसी कहासुनी में क्रशर मुनीम को उसके ही मालिक ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया।

महोबा, अमृत विचार। कबरई थाना क्षेत्र में सिद्ध बाबा पहाड़ के समीप स्थित क्रशर प्लांट में भाजपा नेता के पुत्र की गाडी पर मुनीम के बैठने पर हुई कहासुनी के दौरान भाजपा नेता के पुत्र ने अपने ही मुनीम को गोली मार दी। जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर गया। क्रशर के कर्मचारी उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले गए। लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 
 
कस्बा कबरई के अंबेडकर निवासी चुनूबाद साहू 45 पुत्र नत्थू साहू भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दीननारायण द्विदेवी के बेटे आदर्श द्विवेदी की स्वामी रॉक स्टोन मिल में हेड मुनीम के पद पर कई सालों से कार्य करता था। प्रतिदिन की तरह वह सोमवार को भी करीब नौ बजे स्वामी रॉक स्टोन में आया था। जहां पर उनके मालिक आदर्श द्विवेदी की गाडी खड़ी थी। मुनीम चुनूबाद अपनी मालिक की गाड़ी में बैठ गया।
 
इसी बात को लेकर मुनीम और क्रशर मालिक के बीच कहासुनी हो गई। इससे नाराज होकर क्रशर मालिक आदर्श द्विवेदी ने मुनीम को गोली मार दी। जो उसके पेट में धंस गई। गोली लगते ही मुनीम मौके पर खून से लथपथ होकर गिर गया। मुनीम हालत नाजुक देखकर क्रशर मालिक फरार हो गया।
 
क्रशर में काम कर रहे अन्य कर्मचारी मुनीम को जिला अस्पताल ले गएए लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर भारी पुलिस फोर्स घटना स्थल पर पहंच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन रो रोकर हमलावर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे है। पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।

 

संबंधित समाचार