शाहजहांपुर: डीएम के आदेश पर पकड़ा गया अवैध खनन, आठ फिट तक खोद डाली धरती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर/तिलहर, अमृत विचार। डीएम उमेश प्रताप सिंह के आदेश पर जिले में अवैध खनन पकड़ा गया। बेखौफ अवैध खनन करने वालों ने धरती को आठ फिट तक खोद डाला था। इससे यह बात भी सामने आ गई कि अवैध खनन अधिकारियों की मिलीभगत से हो रहा था। सुगबुगाहट यह भी है कि अवैध खनन करने वालों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। फिलहाल मामले में खनन करने वाले आरोपी आकाश तिवारी, नरेश उर्फ ठाकुर और रविंद्र के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।

थाना तिलहर क्षेत्र के गांव धन्योरा गांव में गुर्रा नदी के पास बड़े पैमाने पर अवैध मिट्टी खनन कराया जा रहा था। रात के अंधेरे में माफियाओं ने जेसीबी मशीनों से आठ-आठ फिट के गहरे गड्ढे बना दिए। सोमवार की रात को मामले की शिकायत डीएम उमेश प्रताप सिंह को मिली। डीएम ने रात में ही एसडीएम तिलहर को छापा मारने के आदेश दिए। एसडीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ छापेमारी की तो उनके पहुंचने से पहले छापेमारी की सूचना खनन करने वालों तक पहुंच गई। नतीजतन मौके पर न तो कोई वाहन मिला और न ही कोई पकड़ा जा सका। 

एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर उच्चाधिकारियों को अवैध खनन की हकीकत वीडियो कॉल करके दिखाई। इसमें साफ दिख रहा है कि खनन माफियाओं ने अवैध रूप से बड़े पैमाने पर खनन करके गड्ढे बना दिए। करीब आठ-आठ फुट के गहरे गड्ढे करके धरती का सीना चीर दिया। एसडीएम ने गांव वालों के बयान लिए, फिर संपूर्ण रिपोर्ट डीएम को भेजी। डीएम ने जांच में सामने आए आकाश तिवारी, नरेश उर्फ ठाकुर और रविंद्र के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए, जिस पर कोतवाली तिलहर में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

अवैध खनन कर मिट्टी चोरी का मामला दर्ज
जिला खनन अधिकारी दीपेंद्र यादव की तहरीर के अनुसार, गांव धन्योरा में जलमग्न भूमि से बिना अनुमति 5514 घन मीटर बालू का अवैध खनन किया गया। अवैध खनन करने वाले आकाश तिवारी निवासी गांव बरैंचा थाना तिलहर, नरेश उर्फ ठाकुर निवासी गांव गौटिया तहसील सदर और रविंद्र निवासी गांव नगरिया तहसील सदर है, जिन पर खनिज विकास एवं विनियमन की धारा 4 व 21 और खनिज चोरी के लिए आईपीसी की धारा 379 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पूर्व जिपं अध्यक्ष के साले की मौत

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज