अयोध्या: 1399 शिक्षामित्रों के मानदेय के लिए एक करोड़ 39 लाख मिले
जिन्हें गत वर्ष मिला है उन्हीं को मिलेगा मानदेय
अमृत विचार, अयोध्या। महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशालय द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय भुगतान के लिए धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। जिले में तैनात 1399 शिक्षा मित्रों के मानदेय के लिए एक करोड़ 39 लाख 900 रुपये अवमुक्त किए गए हैं। हालांकि उन्हीं शिक्षामित्रों को भुगतान के आदेश है जिन्हें वित्तीय वर्ष 2021-22 में मानदेय दिया गया हो।
राज्य परियोजना निदेशक विजय किरण आनंद की ओर से जारी पत्र के अनुसार फरवरी और मार्च माह तक के मानदेय की धनराशि अवमुक्त की गई है। पत्र में कहा गया है कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी यह सुनिश्चित करेगें की निर्धारित निर्देश के अनुसार अन्य किसी शिक्षामित्र को मानदेय भुगतान न किया जाए। मानदेय का भुगतान शिक्षामित्र के खाते में पीएमएफएस प्रणाली के माध्यम से ही किया जायेगा। इसकी सूचना भुगतान के बाद राज्य प्रबंध पोर्टल पर अपलोड की जाए। अयोध्या में करीब 1399 शिक्षामित्र वर्तमान में कार्यरत हैं। जिनके मानदेय भुगतान के लिए धनराशि अवमुक्त की गई है।बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि भुगतान प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।
60 साल होते ही सेवानिवृत्त होगें शिक्षा मित्र
बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय के 28 फरवरी को जारी आदेश के तहत साठ साल की आयु पूर्ण करने पर शिक्षा मित्र स्वत सेवानिवृत्त माने जायेगें। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अपने खंड शिक्षा क्षेत्र के ऐसे शिक्षामित्रों की सूची बना कर दें जो साठ वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले हों।
