VIDEO : 'मोदी तेरा कमल खिलेगा'... जहां PM मोदी ने की थी भविष्यवाणी, जानिए वहां किसकी बनेगी सरकार?
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग में 24 फरवरी 2023 को एक चुनावी रैली और रोड शो कर कहा था कि कुछ लोग जिनको देश ने नकार दिया है, जो निराशा के गर्त में डूब चुके हैं... वो आजकल माला जपते हैं और कह रहे हैं कि- मोदी तेरी कब्र खुदेगी, लेकिन देश का कोना कोना कह रहा है- मोदी तेरा कमल खिलेगा।
मेघालय के हितों को कभी भी प्राथमिकता नहीं दी गई... आपको छोटे-छोटे मुद्दों पर बांटा गया...यहां के युवाओं का बहुत नुकसान किया है। मेघालय आज परिवार पहले की बजाए लोग पहले वाली सरकार चाहता है इसलिए आज कमल का फूल मेघालय की मजबूती, शांति और स्थिरता का प्रतीक बन गया है।
पीएम मोदी की यह भविष्यवाणी सही साबित होती नहीं दिख रही खासकर मेघालय में। हालांकि, पूर्वोत्तर के अन्य दो चुनावी राज्यों त्रिपुरा और नागालैंड के नतीजों में भाजपा गठबंधन जीत की ओर अग्रसर है। सभी तीन राज्यों में गुरुवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई। मेघालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी ने 5 सीटों पर जीत हासिल की है और अब तक 20 सीटों पर आगे चल रही है इसके मद्देनजर पार्टी के समर्थकों ने मुख्यमंत्री कोनराड संगमा का स्वागत किया और जश्न मनाया।
मेघालय में मुख्यमंत्री कोनराड संगमा के भाई जेम्स को TMC उम्मीदवार ने हराया। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने कहा, हमारी पार्टी को वोट देने के लिए हम जनता का धन्यवाद करना चाहते हैं। हमारे पास कुछ नंबर कम हैं इसलिए हम अंतिम नतीजे आने का इंतजार कर रहें। तब हम निर्णय लेंगे कि कैसे आगे बढ़ें। मेघालय में मुख्यमंत्री कोनराड संगमा की नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) 26 सीटों पर आगे, बीजेपी और कांग्रेस को 5-5 सीटों पर बढ़त है।
शिलांग (मेघालय) में PM Modi बोले- कुछ लोग जिनको देश ने नकार दिया है, जो निराशा के गर्त में डूब चुके हैं... वो आजकल माला जपते हैं और कह रहे हैं कि- मोदी तेरी कब्र खुदेगी, लेकिन देश का कोना कोना कह रहा है- मोदी तेरा कमल खिलेगा pic.twitter.com/PNhTALhYij
— Amrit Vichar (@AmritVichar) February 24, 2023
पीएम मोदी ने कहा था कि, जब मैं मेघालय के बारे में सोचता हूं तो मैं प्रतिभाशाली लोगों, जीवंत परंपराओं के बारे में सोचता हूं, अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य के बारे में भी सोचता हूं। मेघालय का संगीत जीवंत है। फुटबॉल के लिए जुनून है। मेघालय के हर कोने में रचनात्मकता है।
पीएम मोदी ने कहा था, भारत सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और मेघालय इसमें अपना मजबूत योगदान दे रहा है। हम इसे और आगे बढ़ाना चाहते हैं और राज्य के लिए काम करना चाहते हैं। आज जिस प्रकार से शानदार और जानदार रोड शो आपने किया है... आपका यह प्यार, यह आशीर्वाद... मैं आपके इस कर्ज को जरूर चुकाऊंगा। आपके इस प्यार और आशीर्वाद का कर्ज मैं मेघालय का विकास कर चुकाऊंगा, आपके कल्याण के काम को गति देकर चुकाऊंगा। आपके इस प्यार को मैं बेकार नहीं जाने दूंगा।
बता दें कि त्रिपुरा के मौजूदा मुख्यमंत्री व बीजेपी नेता माणिक साहा ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार आशीष कुमार साहा को 1,257 मतों के अंतर से हराकर टाउन बोरडोवाली से विधानसभा चुनाव जीता है। बीजेपी ने राज्य के रुझानों में बहुमत का आंकड़ा (31 सीट से अधिक) पार कर लिया है और वह 16 सीट जीतकर 17 सीटों पर आगे चल रही है।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा है कि अभी तक विधानसभा चुनाव के जो नतीजे सामने आए हैं उससे पता चल रहा है कि बीजेपी राज्य में फिर से सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को मैं धन्यवाद देता हूं।
वहीं, पुणे (महाराष्ट्र) की कस्बा पेठ विधानसभा सीट पर हुए उप-चुनाव में कांग्रेस के रवींद्र धंगेकर ने 11,000 से अधिक मतों से जीत हासिल की है। रवींद्र को 72,599 वोट मिले जबकि बीजेपी के हेमंत रसाने 61,771 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1995 के बाद पहली बार बीजेपी इस सीट पर चुनाव हारी है।
ये भी पढ़ें : Video : मोदी तेरी कब्र खुदेगी कहने वालों को PM का जवाब- मोदी तेरा कमल खिलेगा
