संभल: मां से कहासुनी के बाद युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास
गांव मौलागढ़ के मिलक गोशाला रोड का मामला, पड़ोसियों ने पानी डाल बुझाई आग, सरकारी अस्पताल से हायर सेंटर रेफर
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। कोतवाली के मिलक गोशाला रोड निवासी युवक ने मां से कहासुनी होने पर खुद को आग लगा ली। उस समय युवक घर पर अकेला था। परिजन उसे सरकारी अस्पताल ले गये। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया।
गांव मिलक गोशाला रोड निवासी रिंकू उतराखंड के रामनगर में बेलदारी करता है। बुधवार की रात करीब एक बजे वह शराब के नशे में धुत्त होकर घर पहुंचा। परिजनों ने रात में उससे कुछ नहीं कहा। सुबह जागने पर मां सावित्री ने शराब पीने के लिए मना करते हुए रात की स्थिति के बारे में बताया। इसी बात को लेकर रिंकू की अपनी मां से कहासुनी हो गई। सुबह परिवार के लोग पड़ोसी की मौत पर शोक जताने उसके घर गए थे।
इसी दौरान घर पर मौजूद रिंकू ने खुद को आग लगा ली। इसके बाद वह घर से बाहर निकल गया। इससे हड़कंप मच गया। मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। मगर तब तक वह बुरी तरह झुलस चुका था। जानकारी पर परिजन भी आ गये। झुलसे रिंकू को परिजन सरकारी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया। चिकित्सक के अनुसार रिंकू 70 प्रतिशत झुलसा गया है।
युवा पीढ़ी को मां-बाप की नेक सलाह भी नहीं बर्दाश्त
चन्दौसी : आज की युवा पीढ़ी को अपने माता-पिता की अच्छी सलाह भी बुरी लगती है। ऐसा ही रिंकू के मामले में सामने आया। रिंकू जब रात एक बजे शराब पीकर घर पहुंचा तो मां से उसकी हालत नहीं देखी गई। उन्होंने रात में उसे कुछ नहीं कहा। सुबह जागने पर समझाया तो रिंकू मां से ही उलझ गया। बाद में उसने खुद को आग लगा ली।
ये भी पढ़ें:- Ukraine: आवासीय इमारत पर रूसी मिसाइल हमले में तीन लोगों की मौत, छह घायल
