लखनऊ: चला एलडीए का बुलडोजर, खाली कराई 12 हजार वर्ग मीटर भूमि
लखनऊ, अमृत विचार। अहिमामऊ-सुल्तानपुर रोड चौराहे के पास लखनऊ विकास प्राधिकरण ने बुलडोजर चलाकर जगह-जगह किया गया अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया। पांच घंटे से अधिक चली कार्रवाई में करीब 12 हजार वर्गमीटर भूमि कब्जामुक्त कराई। जहां पर लोगों ने स्थाई व अस्थाई मकान व दुकानें बना रखी थीं।
गुरुवार को जोन-2 अंतर्गत प्रवर्तन टीम ने अहिमामऊ-सुल्तानपुर रोड चौराहे के पास अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। यहां प्राधिकरण की अर्जित भूमि पर लोगों ने अस्थाई व स्थाई रूप से मकान बनाए थे। साथ ही दुकानें बनाकर कारोबार करते थे। जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह व तहसीलदार-अर्जन शशिभूषण पाठक ने पुलिस बल के साथ बुलडोजर चलाकर अवैध अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए।
सचिव पवन कुमार गंगवार ने बताया कि कई वर्ष से कुछ लोग काबिज थे। पूर्व में कब्जा हटाया गया था, जिसमें कुछ स्थाई निर्माण शेष रह गए थे, जो ध्वस्त कर दिए गए हैं। अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि जगह-जगह टीनशेड डालकर घेराबंदी कर रखी थी। स्कैप मैटेरियल भी डंप करते थे। मोटर गैराज आदि संचालित करते थे। जो पांच घंटे से अधिक चले अभियान में ध्वस्त कर करीब 12 हजार वर्गमीटर भूमि मुक्त कराई है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: 72 घंटे का कार्य बहिष्कार करेगा विद्युत संविदा मजदूर संगठन
