चित्रकूट : निखत-अब्बास मामले में जेल अधीक्षक और जेलर पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दोनों निलंबित अधिकारियों से हुई गहनता से पूछताछ

चित्रकूट, अमृत विचार। मऊ विधायक अब्बास अंसारी और पत्नी निखत बानो से जिला जेल में अवैधानिक रूप से मुलाकात के मामले में अब जेल अधीक्षक अशोक कुमार सागर और जेलर संतोष कुमार पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। सोमवार को पुलिस ने इनसे गहन पूछताछ की। एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि जैसे ही अंसारी परिवार से वित्तीय लेनदेन के साक्ष्य मिलेंगे, दोनों को हिरासत में लिया जाएगा। 

गौरतलब है कि 10 फरवरी को जिलाधिकारी अभिषेक आनंद और पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने जिला जेल से मऊ विधायक और उसकी पत्नी को अवैध रूप से मुलाकात में गिरफ्तार किया था। इस मामले में अंसारी दंपति, चालक नियाज, जेल अधीक्षक अशोक कुमार सागर, डिप्टी जेलर सुशील कुमार आदि ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को भी नामजद किया गया था। इस मामले में डिप्टी जेलर चंद्रकला को दो दिन पूर्व गिरफ्तार किया जा चुका है। सोमवार को जेल अधीक्षक अशोक सागर के साथ जेलर संतोष कुमार से भी पूछताछ की गई। इसके बाद माना जा रहा है कि इन दोनों निलंबित अधिकारियों पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। हालांकि पुलिस अधीक्षक का कहना है कि इस मामले में अभी इनकी गिरफ्तारी नहीं की गई है। इन दोनों से अभी गहनता से पूछताछ की जा रही है। बताया कि जैसे ही साक्ष्य संकलन पूरा हो जाएगा और मुख्तार परिवार के साथ लेनदेन की पुष्टि होगी इनको हिरासत में लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें : रायबरेली : शौच के लिए गया अधेड़ तालाब में डूबा , मौत

संबंधित समाचार