Banda News : पुलिस लाइन में जवानों ने किया फायरिंग का मॉकड्रिल, आपात स्थिति से निपटने की तैयारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में पुलिस लाइन में जवानों ने फायरिंग का किया मॉकड्रिल।

बांदा में पुलिस लाइन में जवानों ने फायरिंग का किया मॉकड्रिल। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं फायरिंग कर रिहर्सल कराया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी कर रहे।

बांदा, अमृत विचार। होली और शब-ए-बरात का त्योहार दोनों कौम के लोग शांतिपूर्ण तरीके से मना सके। आगे रामनवमी और रमजान के भी त्योहार हैं। इसके लिये शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के नेतृत्व में जवानों ने बलवा ड्रिल का रिहर्सल किया। स्वयं पुलिस अधीक्षक ने फायरिंग कर जवानों को बलवा जैसी स्थितियों से निपटने का अभ्यास कराया।
 
इस बार दोनों कौमों के त्योहार होली और शब-ए-बरात एक साथ मनाये जायेंगे। हालांकि जनपद में इससे पहले भी कई त्योहार दोनों कौम के लोग गंगा-जमुनी तहजीब के साथ आपस में मिलजु़ल कर मना चुके हैं, लेकिन यदि प्रेम और सौहार्द के इन त्योहारों के मौके पर कोई बलवा जैसी घटना को अंजाम देकर अशांति फैलाने की साजिश भी कर रहा हो तो उसके मन में भय पैदा हो, साथ ही आम जनमानस में भी संदेश जाये कि त्योहार के दौरान वे पूरी तरह से सुरक्षित हैं इसके लिये पुलिस के जवानों ने पुलिस लाइन में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में बलवा ड्रिल का रिहर्सल किया।
 
इस दौरान स्वयं पुलिस अधीक्षक ने भी फायरिंग करते हुए जवानों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास कराया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि होली और शब-ए-बरात के बाद आगे रामनवमी और रमजान के भी त्योहार हैं। ऐसे में पुलिस के जवानों के लिये सतर्क रहने के साथ ही हर स्थिति से निपटने को तैयार रहना जरूरी है। इसी को देखते हुए आज पुलिस लाइन प्रांगण में जवानों को फायरिंग की ट्रेनिंग के साथ एंटीराइट ड्रिल कराई गई। पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि जवानों की बैच बाई बैच ट्रेनिंग हो रही है। साथ ही दंगा नियंत्रण स्कीम को रिवाइज किया जा रहा है।

 

संबंधित समाचार