सीएम योगी आदित्यनाथ के नाम जुड़ा एक और कीर्तिमान, इस मामले में कांग्रेस नेता संपूर्णानंद को छोड़ा पीछे
लखनऊ। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए अपने नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड कर लिया है। दरसअल लंबे समय बाद यूपी में भाजपा की लगातार दूसरी बार सरकार बनाने पर योगी आदित्यनाथ के नाम एक और कीर्तिमान जुड़ गया। सीएम योगी कांग्रेस नेता डॉ . संपूर्णानंद को पीछे छोड़ दिया है।
वह लगातार सबसे लंबी अवधि तक यूपी के मुख्यमंत्री हो गए हैं। 1 मार्च को यूपी के सीएम के रूप में योगी आदित्यनाथ ने पांच साल और 347 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया। इससे पहले कांग्रेस के डॉ . संपूर्णानंद यूपी में लगातार मुख्यमंत्री के पद पर पांच साल 345 दिन रहे थे। इसके बाद अखिलेश यादव का नाम है। वहीं मायावती और मुलायम सिंह यादव भी सीएम योगी से बहुत पीछे हैं।
इसके साथ ही आपको बता दें कि योगी के नेतृत्व में प्रदेश में किसी पार्टी की लगातार दूसरी बार सरकार बनी है। इससे 37 साल पहले नारायण दत्त तिवारी (एनडी) के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस की दोबारा सरकार बनी थी। 25 मार्च 2022 को जब योगी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली तो उन्होंने नारायण दत्त तिवारी का 37 साल पुराना रेकॉर्ड तोड़ा था।
यूपी के मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल पर नजर डालें, तो योगी आदित्यनाथ और डॉ. संपूर्णानंद के बाद अखिलेश यादव पांच साल चार दिन सीएम रहे। मायावती चार साल 307 दिन और मुलायम सिंह यादव तीन साल 257 दिन यूपी के मुख्यमंत्री रहे थे।
यह भी पढ़ें:-भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए कांग्रेस के साथ आएं क्षेत्रीय दल : आचार्य प्रमोद कृष्णम
