भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए कांग्रेस के साथ आएं क्षेत्रीय दल : आचार्य प्रमोद कृष्णम
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा-कांग्रेस के नेतृत्व में साथ मिलकर चुनाव में उतरें क्षेत्रीय दल, समय आने पर पता चल जाएगा कौन होगा कांग्रेस का प्रधानमंत्री चेहरा
संभल, अमृत विचार। प्रियंका गांधी के सलाहकार व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) सदस्य आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में देश के तमाम क्षेत्रीय दल कांग्रेस के नेतृत्व में चुनाव मैदान में उतरें तो भाजपा सत्ता से बाहर होगी। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने वाली सरकार का गठन होगा। प्रधानमंत्री चेहरे को लेकर कहा कि कांग्रेस पार्टी का ही कोई चेहरा प्रधानमंत्री का होगा। वक्त आने पर इसका पता चल जाएगा।
संभल के सिंहपुरसानी में भाजपा नेता चौधरी हरपाल सिंह के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने आये कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हम चाहते हैं कि तमाम क्षेत्रीय पार्टियां कांग्रेस का साथ दें, क्योंकि कांग्रेसी ही ऐसी पार्टी है जो राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा से लड़ सकती है। चाहे उत्तर प्रदेश हो, बिहार या फिर महाराष्ट्र क्षेत्रीय दलों को ताकत देने का काम हमेशा कांग्रेस ने किया है। जो क्षेत्रीय पार्टियां भाजपा को हराना चाहती हैं, उन्हें कांग्रेस का साथ देना चाहिए।
नॉर्थ ईस्ट की हार स्वीकार, करेंगे मंथन
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने नॉर्थ ईस्ट में कांग्रेस की हार को लेकर कहा कि लोकतंत्र में जनमत का सम्मान करना चाहिए। पार्टी जनमत का सम्मान करती है। नॉर्थ ईस्ट की हार को हम स्वीकार करते हैं। हम प्रयास करेंगे कि नॉर्थ ईस्ट के साथ पूरे देश में कांग्रेस को और मजबूत करके 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए तैयार किया जाए। कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व इस पर गंभीर चिंतन कर रहा है। कांग्रेस की नई कार्यसमिति जब गठित हो जाएगी तो यह विषय गंभीरता से लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें : संभल: मां से कहासुनी के बाद युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास
