अयोध्या: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव ने मंदिर निर्माण स्थल का किया निरीक्षण, कहा- राममंदिर निर्माण से पैदा होंगे विकास और रोजगार के अवसर
अयोध्या, अमृत विचार। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय सचिव अपूर्व चंद्रा ने कहा कि अयोध्या में मंदिर निर्माण से पूरे प्रदेश में विकास और रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिस तरह से अयोध्या का रेलवे स्टेशन विकसित हुआ है वह पूरे अयोध्या के विकास का जीता जागता प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अयोध्या का रेलवे स्टेशन इस तरह से विकसित किया जा रहा है कि हर रोज 4 से 5 लाख श्रद्धालु आसानी से यहां पहुंचकर दर्शन कर सकें।
अयोध्या दौरे पर पहुंचे सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय सचिव अपूर्व चंद्रा ने नगर भ्रमण के दौरान राम मंदिर निर्माण स्थल का जायजा लिया और निर्माण कार्य में शामिल श्रमिकों से बातचीत भी की। उन्होंने मंदिर निर्माण से आर्थिक और रोजगार के अवसरों के बारे में स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। रामलला की मूर्ति स्थापित होने के स्थल पर जाकर हो रहे निर्माण कार्य की जानकारी ली। पुजारियों ने उनका राम पटका पहना कर स्वागत किया।
अधिकारियों ने उन्हें बताया कि मंदिर का निर्माण इस तर्ज पर किया जा रहा है कि 2000 वर्षों से भी अधिक तक इसकी मजबूती बनी रहे। गर्भगृह समेत पूरे परिसर का भ्रमण करने के दौरान अपूर्व चंद्रा ने अयोध्या के कायाकल्प की कई परियोजनाओं को देखा। मंदिर परिसर में काम कर रहे मजदूरों से सचिव सूचना प्रसारण ने स्वयं बात की और उनसे कार्य के बारे में जानकारी ली। इस दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपतराय समेत मंदिर निर्माण से जुड़ी सभी कार्यदायीं एजेंसियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-अलाया अपार्टमेंट हादसे के और जिम्मेदारों के नहीं मिल रहे रिकार्ड
