अयोध्या: गोवंशों के लिए ही संकट बने गौ आश्रय स्थल, अव्यवस्थाओं का है बोलबाला 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीकापुर/ अयोध्या, अमृत विचार। विकासखंड बीकापुर में गोवंशों के लिए बने गौ आश्रय स्थल में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। जिसके चलते गोवंश आए दिन दम तोड़ रहे हैं। मामला कान्हा गौशाला चौरे चंदौली का है। इसकी देखरेख में लगे कर्मचारी नदारद रहते हैं।
   
गोवंशों के लिए भूसा, चुनी, चोकर आदि खाने पीने का समुचित प्रबंध नहीं किया गया है। जिसके कारण खाने-पीने के अभाव में गोवंश दम तोड़ जाते हैं। इसकी सुरक्षा के लिए गौशाला में कटीले तार लगाकर बैरिकेडिंग की गई थी। बैरिकेडिंग टूट जाने की वजह से आवारा पशुओं की तरह गौशाला में मौजूद गोवंश चारा पानी की तलाश में बाहर निकल कर स्थानीय किसानों की खेती चट कर जाते हैं। गौशाला में चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इसमें पशुओं को प्यास मिटाने के लिए पानी की भी व्यवस्था नहीं है। क्षेत्रीय ग्रामीणों का आरोप है कि यह सारी व्यवस्था केवल कागजों में ही चल रही है। जबकि जिले की मुख्य विकास अधिकारी आए दिन ब्लॉक के अधिकारियों को निर्देश देतीं हैं कि गौशालाओं में गोवंशों के खाने पीने रहने की व्यवस्था में कोई लापरवाही न बरती जाए। 
      
एडीओ पंचायत अजय तिवारी ने बताया कि सभी गौशलाओं में पशुओं के रखरखाव और चारे की पर्याप्त व्यवस्था है। नियमित अंतराल पर गोवंश पशुओं का हेल्थ चेकअप और बीमार पशुओं का दवा उपचार कराया जाता है। जबकि गांव के ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में तमाम छुट्टा पशु मौजूद हैं। जिनसे किसानों को परेशानी हो रही है।

ये भी पढ़ें -रायबरेली: रेलवे सुरक्षा बल को हराकर सामान्य शाखा ने जीएम कप पर किया कब्जा

संबंधित समाचार