Unnao News : तिलक समारोह के बीच पांडाल में दो पक्ष भिड़े, जमकर चले लाठी-डंडे, घटना का वीडियो वायरल
उन्नाव में तिलक समारोह के बीच पांडाल में चले लाठी-डंडे।
उन्नाव के अजगैन कोतवाली क्षेत्र में तिलक समारोह के बीच पांडाल में दो पक्ष भिड़ गए। इस पर दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा।
उन्नाव, अमृत विचार। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के छेड़ा गांव में बीती रात चल रहे तिलक समारोह के दौरान दो पक्षों में भिड़ंत हो गयी। मारपीट में जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट में रिश्तेदारों समेत कई लोग घायल हुए हैं। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। मामले की जानकारी पर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
अजगैन कोतवाली के गांव जनसार के मजरा छेड़ा गांव में सुरेश राजपूत के बेटे का तिलक समारोह था। इस कार्यक्रम में डीजे पर नाचने के लिए बार बालाओं को भी बुलाया गया था। रात में साढे दस बजे गजराज पुत्र रामस्वरूप और नीरज पुत्र भगवानदीन के बीच बार बालाओं को रुपये लुटाने को लेकर कहा सुनी हुई। देखते ही देखते कहा सुनी से शुरू हुआ विवाद हाथापाई में तब्दील हो गया। कुछ देर बाद लाठी-डंडे भी निकल आए। दोनों पक्षों में जमकर हुई इस मारपीट के दो अलग अलग वीडियो बीती रात से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
हालांकि अमृत विचार डॉट कॉम वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इस घटना में गजराज व नीरज के सिर फट गए। इसके बलावा कार्यक्रम में आए रिश्तेदारों के अलावा कुछ ग्रामीण भी जख्मी हुए। सूचना पर पहुंची पीआरवी दोनों घायलों को लेकर सीएचसी पहुंची। बताया जा रहा है कि जिन दो पक्षों में मारपीट हुई है उनके बीच जमीन का विवाद भी चल रहा है। कोतवाल विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है। दोनों ही पक्ष कोतवाली लाए गए हैं। अभी किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।
