Kanpur Fire : शॉर्ट सर्किट से मेडिकल कॉलेज की लाइब्रेरी में लगी आग, दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में मेडिकल कॉलेज की लाइब्रेरी में लगी आग।

कानपुर में शॉर्ट सर्किट से मेडिकल कॉलेज की लाइब्रेरी में आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। लाइब्रेरी के बाहरी चेंबर में शॉर्ट सर्किट से शाम चार बजे हादसा हुआ।

कानपुर, अमृत विचार। स्वरूप नगर थानाक्षेत्र अंतर्गत शनिवार दोपहर मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लाइब्रेरी में आग लगने से हड़कंप मच गया। इस दौरान आग लगने की जानकारी दमकल विभाग को दी गई। सूचना पर आनन-फानन पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने कुछ देर में आग पर काबू पा लिया। घटना के दौरान वहां के शीशे तोड़कर धुआं निकाला गया। सीएफओ के अनुसार मेडिकल कॉलेज की लाइब्रेरी में अग्निशमन का कोई इंतजाम नहीं था। आग से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, मामले की जांच की बात कही है। 
 
गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज (जीएसवीएम) की लाइब्रेरी में बाहर की ओर स्थित चेंबर में शनिवार दोपहर आग लग गई। लाइब्रेरी के रोशनदान से धुआं निकलता देख कैंपस में मौजूद लोगों को घटना की जानकारी हुई। मौके पर फजलगंज और कर्नलगंज से दमकल की चार गाड़ियां पहुंची और कुछ देर में आग पर काबू पा लिया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट रहा। फजलगंज फॉयर स्टेशन प्रभारी विनोद पांडेय ने बताया कि आग लाइब्रेरी के बाहर स्थित चेंबर में लगी थी। चेंबर में रुई का गत्ता समेत कुछ लकड़ी का फर्नीचर और कबाड़ रखा था।
 
जिसके जलने से पूरी लाइब्रेरी में धुआं भर गया। आग पर काबू पाने के बाद फॉयर कर्मी ब्रीथिंग ऑपरेट सूट पहनकर लाइब्रेरी के मेन हॉल में दाखिल हुए और वेंटीलेशन के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़े तब जाकर धुआं निकल पाया। एहतियात के तौर पर ग्राउंड फ्लोर समेत ऊपर की दोनों मंजिल की तलाशी ली गई जहां कोई भी फंसा नहीं मिला। सूचना पर मौके पर स्वरूपनगर इंस्पेक्टर राजेश शर्मा समेत सीएफओ दीपक शर्मा पहुंचे और स्थिति को संभाला।
 
इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों के पूछताछ की गई। सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि मिनी कंट्रोल रुम पर हैलट अस्पताल में आग लगने की जानकारी मिली थी। एहतियात के तौर पर तत्काल प्रभाव से फजलगंज और कर्नलगंज की सभी दमकल गाड़ियों को रवाना कर दिया गया। लेकिन आग जीएसवीएम कॉलेज की लाइब्रेरी में लगी थी, तब जाकर सभी ने चैन की सांस ली। 
 

फ्रिज का कंप्रेशर फटने से हंसपुरम में लगी आग 

 
नौबस्ता थानाक्षेत्र अंतर्गत आवास विकास हंसपुरम निवासी विनीत चंद्र ने बताया कि फ्रिज का कंप्रेशर फटने से आग लग गई। जिससे घर में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। इस दौरान सकरी गलियों के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आग की चपेट में आने से बक्से में रखा सामान जलकर राख हो गया। पुलिस ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं है। 
 
मेडिकल कॉलेज की लाइब्रेरी के बाहर स्थित एक स्टोर नुमा चेंबर में आग लगी थी। वेंटीलेशन न होने की वजह से धुआं पूरी लाइब्रेरी में भर गया था। लाइब्रेरी में अग्निशमन के इंतजाम नहीं मिले हैं। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।- दीपक शर्मा, सीएफओ

 

संबंधित समाचार