IMD Alert: होली से पहले बदलेगा मौसम का मिजाज! इन राज्यों में होगी बारिश, पड़ेंगे ओले
आईएमडी ने होली से पहले पश्चिमी, मध्य भारत में बारिश, ओलावृष्टि की संभावना जतायी
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने होली से पहले राजस्थान और पश्चिमी तथा मध्य भारत के बड़े हिस्से में गरज के साथ बौछारें पड़ने और ओलावृष्टि की संभावना जतायी है। देश भर में सात और आठ मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उष्णकटिबंधीय मौसम प्रणालियों के कारण शनिवार से लेकर बुधवार तक गरज के साथ बौछारें पड़ने और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में शनिवार और रविवार को छिटपुट बारिश या बर्फबारी की भी संभावना है।
Daily Weather Video (Hindi) 04.03.2023
— India Meteorological Department (@Indiametdept) March 4, 2023
Youtube Link:https://t.co/NYTS9WXfQX
Facebook Link:https://t.co/DdKCUWUoJV
इसने कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात में 4-8 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार को दक्षिण हरियाणा में और रविवार तक पश्चिम राजस्थान में मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसने कहा कि आठ मार्च तक पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- सरकार हर चीज बेचने की ‘हड़बड़ी’ में नहीं है: सीतारमण
