मुरादाबाद : लगातार बैठने से बढ़ रही कमर दर्द की समस्या, जानें बचाव के तरीके

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 जिला अस्पताल में कमर व कंधे में दर्द के रोगियों की संख्या में बढ़ोतरी

मुरादाबाद, अमृत विचार। घंटों एक जगह बैठकर काम करना अब लोगों के लिए कमर दर्द और कंधे दर्द का शिकार बना रहा है। जिला अस्पताल में हड्डी रोग व फिजियोथेरेपी विभाग में कमर और कंधे दर्द के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सबसे ज्यादा 30 पार वाले दर्द से ग्रस्त हैं जोकि फिजियोथेरेपी कराने के लिए आ रहे हैं। इसका प्रमुख कारण ज्यादा देर तक बैठने की गलत अवस्था और अधिक वजन उठाना है।

जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 1500 से 1800 के बीच मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इसमें हड्डी विभाग में 200 और फिजियोथेरेपी के लिए 30-35 लोग रोजाना पहुंच रहे हैं। अस्पताल परिसर में ही फिजियोथेरेपी विभाग है। यहां पर जोड़ों का दर्द, नसों व मांसपेशियों का दर्द, लकवा, पोलियो, कमर दर्द, घुटनों का दर्द, मोच आना आदि का इलाज होता है।

फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. मोहम्मद इलयास ने बताया कि भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग ज्यादा देरतक बैठकर काम कर रहे हैं, जिस वजह से वह कमर दर्द के रोगी बनते जा रहे हैं। उनमें 10 से ज्यादा कमर और कंधे के दर्द से पीड़ित हैं। कमर दर्द के कारण मांसपेशियों में खिंचाव, ऐंठन के अलावा ऐसा कार्य जो ज्यादा देर तक एक ही अवस्था में बैठकर करना समस्या का प्रमुख कारण है। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. एसएस कक्कड़ ने बताया कि खानपान बिगड़ रहा है। लोग योग भी नहीं करते हैं। जिसके कारण बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। बताया कि सुबह उठते ही अगर दर्द हो, पैर में झनझनाहट के अलावा अन्य लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। 

ये हैं बचाव के तरीके

  • बाहरी खाने, जंक फूड व तली भूनी चीजों के सेवन से बचे।
  • झटके से न तो बैठे और न ही खड़े हो।
  • अधिक समय तक बैठे न रहे थोड़ी- थोड़ी देर में टहलते रहे। 
  • पौष्टिक आहार का सेवन करें।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद: किसी को लगा हाथ तो कोई अपने दोनों पैरों पर हुआ खड़ा, कृत्रिम अंग पाकर खिले दिव्यांगों के चेहरे

संबंधित समाचार