Holi 2023 Tips For Eye Care: होली पर अपनी त्वचा और आंखों का रखें ख्याल, केजीएमयू के डॉक्टर ने दिये टिप्स
लखनऊ, अमृत विचार। होली हर्षोल्लास और उमंग का त्यौहार है। इस पर्व की खासियत ही यही है कि इसमे रंग और संगीत मिलकर हर आयु वर्ग पर जादुई आभा बिखेरते है,लेकिन रंगों के इस त्योहार में कभी-कभी थोड़ी सी लापरवाही के कारण हम अपनी आंखों और त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। जिससे त्यौहार का आनंद खराब हो सकता है। विशेषकर होली के त्योहार में आंखों का रंगों से विशेष बचाव करना चाहिए। यह कहना है केजीएमयू के डॉ.संजीव कुमार गुप्ता और डॉ. मोहम्मद शादाब का। डॉ.संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि आंख एक नाजुक और महत्वपूर्ण अंग है,आंखें रंगों के प्रति संवेदनशील होती है। उन्होंने आंखों को रंगों के हानिकारक प्रभाव से बचाने के उपायों की जानकारी प्रदान की है।
1- रंग खेलने से पहले आंखों के आसपास नारियल का तेल अथवा क्रीम जरूर लगाएं।
2- जहरीले रासायनिक रंगों का प्रयोग बिल्कुल ना करें।
3- बाजार में उपलब्ध अधिकांश रंगों में मरकरी, लेड जैसे हानिकारक रसायन होते हैं जो आंखों में जलन, लाली तथा दृष्टि के स्थाई नुकसान जैसे लक्षण पैदा कर सकता है।
3- कांटेक्ट लेंस ना पहने तथा सुरक्षात्मक चश्मा अथवा धूप के चश्मे का प्रयोग जरूर करें।
4- रंग भरे गुब्बारों का प्रयोग ना करें। क्योकि गुब्बारा आंख में लगने पर आंख का पर्दा (रेटीना) क्षतिग्रस्त हो सकता है।
5- रंग खेलने के दौरान अपने चेहरे तथा आंखों को छूने से बचें, ऐसा करके आंखों को संक्रमण से बचा जा सकता है।
6- यदि आंखों में रंग चला जाता है तो अपनी आंखों को ना रगड़े अन्यथा पुतली पर खरोच आ सकती है जिससे आंखों में संक्रमण या पुतली का संक्रमण भी हो सकता है।
7- आंखों में रंग चले जाने पर साफ पानी से आंखों को धुले।
समस्या या संक्रमण होने पर स्वयं इलाज ना करें
डॉ. मोहम्मद शादाब ने बताया कि आंख में रंग चले जाने पर नेत्र चिकित्सक की सलाह से ही इलाज करें। आंख में डालने वाले सभी आई ड्रॉप्स एक समान नहीं होते। इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के कभी-कभी गलत आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल आपकी आंखों को नुकसान पहुंचा सकता है।
1. आंखों में रंग जाने की स्थिति में आप लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल कर सकते हैं।
2. आंखों में स्टोराइट ड्रॉप का उपयोग करने से बचना चाहिए, क्योंकि भले ही वह तत्काल राहत प्रदान कर सकते हैं, लेकिन गंभीर दीर्घकालीन नुकसान भी पहुंचा सकते हैं।
3. डॉ.संजीव कुमार गुप्ता और डॉ. मोहम्मद शादाब ने लोगों से सुरक्षित होली मनाने की अपील की है।
यह भी पढ़ें : KGMU : मरीज का शव देने के बदले जमा कराये दस हजार, Online बिलिंग सिस्टम का खेल
