Kanpur News : भ्रामक संदेशो से बनाएं दूरी न बहकें और न बहकाएं, पुलिस कमिश्नर ने पैदल मार्च कर लोगों को किया जागरूक
कानपुर में होली के त्यौहार को लेकर पुलिस कमिश्नर ने पैदल मार्च कर लोगों को किया जागरूक।
कानपुर में होली के त्यौहार को लेकर पुलिस कमिश्नर, संयुक्त पुलिस आयुक्त समेत पुलिस बल ने पैदल मार्च कर लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही कहा कि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। पुलिस ने अपने खुफिया तंत्र को अलर्ट मोड में किया।
कानपुर, अमृत विचार। होली और शब ए बरात को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की सारी तैयारियां पूरी कर ली है। शनिवार को पुलिस कमिश्नर, संयुक्त पुलिस आयुक्त, डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों ने क्षेत्रों में पैदल मार्च कर लोगों को जागरूक करते हुए सुरक्षा का एहसास कराया। पुलिस के अफसरों ने अपने खुफिया तंत्र को भी अलर्ट मोड पर रखा है। निर्देश दिए कि हर छोटी-बड़ी घटना की शिकायत को गंभीरता से लेकर उसका हल निकाला जाए। त्योहार पर शहर के अति संवेदनशील और संवेदनलशील इलाकों पर सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।
एकता की मिसाल करनी है कायम
यह शहर आपका है, सभी त्योहार आपके हैं। फिर चाहे होली हो या फिर शब ए बरात हर त्योहार को जब मिलकर मनाएंगे साथ तभी इनका असली मजा आएगा और गंगा जमुनी तहजीब चरितार्थ होगी। त्योहारों को लेकर यह विचार संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने होटल मंदाकिनी रॉयल में आयोजित बैठक के दौरान व्यक्त किए। शनिवार को साउथ जोन में आयोजित बैठक में संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बैठक में उपस्थित शहर वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि कमिश्नरेट पुलिस एवं जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में है।
त्योहारों के आने में अभी कुछ समय शेष है लेकिन सभी विभाग अपने अपने स्तर की तैयारियों को पुख्ता करने में जुटे हैं। अगर किसी को किसी भी प्रकार की किसी भी विभाग से कोई भी समस्या हो तो उसे अभी से अवगत करा दें ताकि समय से पूर्व ही उसे दुरुस्त किया जा सके। सभी का उद्देश्य एकमात्र यह कि सभी पर्वों के आयोजन शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के बीच सौहार्द पूर्ण वातावरण में किए जाएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के रंग में कोई भंग ना करें, इसके लिए हर तरह की सुरक्षा को पुख्ता करने में हमारा जोर है।
हर स्थिति में अपनी जिम्मेदारी निभाते आए जिम्मेदार नागरिकों से अपील है, कि वह पुलिस और प्रशासन द्वारा की जा रही सभी व्यवस्थाओं में सहयोग करें। सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक संदेश फैलाकर समाज की शांति व्यवस्था को खराब करने वालों की निगरानी की जा रही है। शनिवार को आगामी त्योहारों के संबंध में हुई इस बैठक में पुलिस एवं जिला प्रशासन एवं त्योहारों की तैयारी में संबंध रखने वाले सभी विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहें।
सभी अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि त्योहार पर स्वच्छता, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, पानी की कोई समस्या सामने नहीं आएगी। बैठक में पुलिस उपायुक्त दक्षिण सलमान ताज पाटिल, एसीएम फर्स्ट आकांक्षा गौतम, बाबूपुरवा, जूही, गोविंद नगर, किदवई नगर, नौबस्ता, हनुमंत विहार, बर्रा, गुजैनी के थाना प्रभारी एवं चौकी इंचार्ज, सिविल डिफेंस के सदस्य, नगर निगम, केस्को, जलकल अन्य विभागों के अधिकारी व बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक बैठक में मौजूद रहे।
होली व शब-ए-बरात की तैयारियों का जाएजा लेने व विभिन्न होलिका दहन स्थलों के निरीक्षण करने जेसीपी, डीसीपी साउथ अंकिता शर्मा, एसीपी बाबूपुरवा संतोष सिंह पुलिस बल के साथ दक्षिण जोन के जूही, किदवई नगर, बाबूपुरवा ईदगाह, महेश बिल्डिंग आदि क्षेत्रों में पैदल मार्च किया गया व आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
अमन चैन कायम होने का संदेश
कदम सुरक्षा और विश्वास का लक्ष्य लेकर पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने डीसीपी रविंद्र कुमार, एडीसीपी मृगांक शेखर समेत भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ पूर्वी जोन के थाना कोतवाली, मूलगंज, हरबंश मोहाल, कलक्टरगंज, फीलखाना तक फ्लैग मार्च कर शहर में अमन चैन कायम होने का संदेश देकर सभी को सुरक्षा का एहसास कराया।
जनता से मुलाकात कर शांति बनाने की अपील
सेंट्रल जोन के सभी सर्किल के प्रमुख स्थानों पर पैदल मार्च कर जनता से मुलाक़ात की गई और उन सभी से आगामी होली और शब-ए-बरात पर्वों को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की गई। इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल मनोज पांडेय के साथ एसीपी कर्नलगंज, एसीपी सीसामऊ, एसीपी अनवरगंज के साथ दस थानों के थाना प्रभारी और पुलिस बल ने पैदल मार्च किया।
