लखीमपुर-खीरी: पूर्व प्रधान ने घर में ही रिवाल्वर से खुद को मारी गोली, इलाके में पसरा मातम
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। सदर कोतवाली की पुलिस चौकी रामापुर के गांव मीरपुर निवासी पूर्व प्रधान ने रविवार की सुबह अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से कनपटी पर खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज पर जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो शव खून से लथपथ पड़ा देखा। इससे उनमें चीख पुकार मच गई। परिवार वालों ने बताया कि पूर्व प्रधान बीमार थे। पिछले साल उनके बड़े पुत्र ने भी आत्महत्या की थी। इसके बाद से वह डिप्रेशन में रहते थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है।
घटना रविवार की सुबह सदर कोतवाली क्षेत्र में ऐरा रोड पर स्थित गांव मीरपुर में सुबह करीब 11:30 बजे हुई। परिवार वालों ने बताया कि पूर्व प्रधान उत्तम वर्मा (56) काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। इससे वह अवसाद में रहते थे। रविवार सुबह रोज की तरह स्नान आदि करने के बाद पूर्व प्रधान उत्तम वर्मा (56) ने खाना खाया और घर की ऊपरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में चले गए। उस समय वह कमरे में अकेले थे, तभी उन्होंने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से कनपटी पर गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर घर के लोग कमरे में पहुंचे तो देखा उनका शव खून से लथपथ फर्श पर पड़ा हुआ था। पास में ही उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर पड़ी थी। यह देखकर घर वालों में चीख पुकार मच गई। गोली की आवाज और चीख पुकार पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ भी मौके पर जुट गई। किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर सीओ सिटी संदीप सिंह और प्रभारी निरीक्षक सदर चंद्रशेखर सिंह मौके पर पहुंच गए और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त की गई लाइसेंसी रिवाल्वर को कब्जे में लेकर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
पहली गोली मिस होने पर दागी दूसरी गोली ने ली जान
पुलिस ने जब मौके पर बरामद लाइसेंसी रिवाल्वर की जांच की तो उसमें एक मिस कारतूस लगी थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि पूर्व प्रधान ने पहली कारतूस मिस होने के बाद कनपटी से रिवाल्वर सटाया और दूसरी गोली चलाई, जो उनकी कनपटी को भेद गई और मौके पर ही मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक सदर चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि रिवाल्वर में एक मिस कारतूस मिली है। इससे प्रतीत होता है कि पहले प्रयास में असफल रहने पर पूर्व प्रधान ने दूसरी बार गोली चलाई, जिसके लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के लोगों ने बताया कि अवसाद के कारण वह पहले भी एक-दो बार अपनी जान देने की कोशिश कर चुके थे। इसी कारण उनका लाइसेंसी रिवाल्वर परिवार वाले छिपाकर रखते थे, पर रविवार को वह उनके हाथ लग गया और उन्होंने खुद को गोली मार ली।
बड़े पुत्र ने भी की थी आत्महत्या
मौके पर पुलिस की फोरेंसिक टीम भी पहुंची, जिसने साक्ष्य संकलित किए। उत्तम वर्मा वर्ष 2005 से लेकर 2015 तक ग्राम पंचायत मीरपुर के प्रधान रहे थे। वर्तमान समय में उत्तम के बड़े भाई अवधेश वर्मा के पुत्र विकास वर्मा गांव के प्रधान हैं। उत्तम वर्मा के बड़े पुत्र अमित वर्मा ने 14 अगस्त 22 को आत्महत्या कर ली थी। इसी के बाद से उत्तम वर्मा अवसाद में रहने लगे थे। परिवार वालों ने बताया कि उन्हें लीवर सिरोसिस की बीमारी भी थी। उनका दिल्ली से इलाज चल रहा था और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा था, लेकिन बड़े पुत्र अमित की आत्महत्या को वह भूल नहीं पा रहे थे और काफी दुखी रहते थे। इसी अवसाद के चलते उन्होंने आत्महत्या की है। उत्तम वर्मा के एक और पुत्र 26 वर्षीय अंकित वर्मा हैं।
पूर्व प्रधान की मौत से गांव में पसरा मातमी सन्नाटा
पूर्व प्रधान उत्तर वर्मा के रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की सूचना जब गांव में फैली तो पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घर से पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद रहे। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके उनके घर पर जुट गई। परिवार वालों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
पूर्व प्रधान का शव उनके घर में खून से लथपथ बरामद हुआ है। परिजनों के अनुसार पूर्व प्रधान ने खुद की रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। बीमारी की वजह से वह डिप्रेशन में रह रहे थे। मामले की छानबीन की जा रही है।-संदीप सिंह, सीओ सिटी
ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: संदिग्ध हालत में आबकारी दीवान की मौत, तालाब में मिला शव
