UP : मिट्टी में मिलाने का काम जारी, उमेश पाल हत्याकांड के शूटर का यूपी पुलिस ने किया एनकाउंटर, उस्मान चौधरी ढेर

UP : मिट्टी में मिलाने का काम जारी, उमेश पाल हत्याकांड के शूटर का यूपी पुलिस ने किया एनकाउंटर, उस्मान चौधरी ढेर

प्रयागराज। उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी विजय उर्फ उस्मान प्रयागराज पुलिस के साथ मुठभेड़ में सोमवार तड़के मारा गया। बहुजन समाज पार्टी के पूर्व विधायक राजू पाल की हत्या के अहम गवाह उमेश पाल पर 24 फरवरी को पहली गोली उस्मान ने चलाई थी। धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश कुमार मौर्य ने उस्मान के मुठभेड़ में मारे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि तड़के करीब पांच-साढ़े पांच बजे कौंधियारा थाना क्षेत्र में विजय उर्फ उस्मान पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। कौंधियारा थाना क्षेत्र में पुलिस और आरोपी विजय उर्फ ​​उस्मान के बीच मुठभेड़ हुई। घटनास्थाल पर फॉरेंसिक की टीम पहुंची। कौंधियारा थाना क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे। जहां पुलिस और आरोपी विजय उर्फ ​​उस्मान के बीच मुठभेड़ हुई थी।



उन्होंने बताया कि उस्मान उमेश पाल और अन्य दो पुलिसकर्मियों को गोली मारने की घटना में शामिल था और उमेश पर पहली गोली उस्मान ने ही चलाई थी। इससे पूर्व, 27 फरवरी को उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी अरबाज धूमनगंज थाना क्षेत्र में नेहरू पार्क के जंगल में पुलिस के साथ एक मुठभेड़ में मारा गया था। इस मुठभेड़ में धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश मौर्य घायल हो गए थे। उल्लेखनीय है कि 24 फरवरी को धूमनगंज थाना क्षेत्र में उमेश पाल और उनके दो सुरक्षाकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।



यह पूरी घटना आसपास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी जिसकी मदद से ज्यादातर शूटर की पहचान हो गई है। उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने घटना के अगले दिन धूमनगंज थाने में पूर्व सांसद अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, अतीक के दो बेटों, अतीक के साथी गुड्डू मुस्लिम और गुलाम एवं नौ अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

उमेश पाल हत्याकांड पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, पुलिस STF लगातार लगी हुई है, कल की घटना जो हुई है उसमें पुलिस पर हमला किया गया जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया। एक-एक अपराधी को सज़ा मिलेगी यही हमारी प्रतिबद्धता है।

डॉ. बद्री विशाल सिंह (स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश) ने बताया कि उस्मान को जब लाया गया था तो उसकी मृत्यु हो चुकी थी। हमने उसका ECG और अन्य जांच कराकर हमने उसे मृत घोषित किया और उसके शरीर को शव गृह भेजा। उसको गोली लगी थी।  

प्रशांत कुमार (ADG (कानून-व्यवस्था), लखनऊ) ने कहा, उमेश पाल हत्याकांड मामले को लेकर आज सुबह प्रयागराज पुलिस को एक सफलता मिली जब इस शूटआउट में शामिल उस्मान एक मुठभेड़ में घायल हुआ। उस्मान को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मृत्यु हुई। इस दौरान हमारे एक आरक्षी घायल हुए हैं:  उस्मान पर 50,000 का इनाम था, चैनलों में प्रसारित वीडियो में इसे गोली मारते हुए देखा गया था। आगे की प्रक्रिया की जा रही है।

प्रशांत कुमार ने कहा, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के द्वारा इसमें शामिल लोगों के घरों में ध्वस्तिकरण की प्रक्रिया की गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस स्पष्ट कर देना चाहती है इस हत्याकांड में जो भी व्यक्ति शामिल रहा है उन पर कार्रवाई होगी। उमेश पाल राजीव पाल हत्याकांड के प्रमुख गवाह थे और लगातार गवाही दे रहे थे इसी कारण से उनकी हत्या की घटना हुई है। 

ये भी पढ़ें : बीजेपी सांसद हरनाथ सिंह ने राहुल गांधी को बताया देश के लिए खतरनाक... चीन, पाकिस्तान और खालिस्तानियों से की तुलना