Kanpur News : अबकी बार, सेक्टर रणनीति से चुनावी वार, लोकसभा चुनाव के लिए BJP करेगी तैयार
कानपुर में सेक्टर रणनीति से चुनावी वार।
कानपुर में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा तैयार करेगी। इसमें अबकी बार सेक्टर रणनीति से चुनावी वार होगा। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में 20 मार्च से अभियान शुरू होगा।
कानपुर, [महेश शर्मा]। वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी भारतीय जनता पार्टी ने शुरू कर दी है। इस बार रणनीति सेक्टर स्तर पर प्रभावी वक्ताओं की टीम तैयार करने की बनी है। इसका उद्देश्य आम लोगों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उपलब्धियां पहुंचाना है। इसे सेक्टर स्तर का प्रशिक्षण शिविर भी कहा जा रहा है। वक्ताओं और आमजन के बीच सरकार का पक्ष रखने के लिए वक्ताओं को प्रशिक्षित करने की योजना में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बिंदुओं पर भी फोकस किया जाएगा।
सेक्टर स्तर पर चुनाव प्रबंधन की शुरुआत कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में 20 मार्च से होगी। इस क्षेत्र में आने वाली सभी दस लोकसभा सीटों पर 2019 में भाजपा ने जीत दर्ज की थी। भाजपा 2024 में भी यही परिणाम दोहराना चाहती है। प्रत्येक सेक्टर में कम से कम 200 स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण शिविर में आना अनिवार्य होगा। सेक्टरों में विधायक, सांसद, मंत्री और संगठन पदाधिकारी का जाना अनिवार्य होगा। इस संबंध में दो दिन पूर्व ऑन लाइन मीटिंग की जा चुकी है।
इस प्रशिक्षण को सेक्टर संगोष्ठी का नाम दिया गया है। आन लाइन बैठक में शामिल प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल विश्नोई, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह का कहना है कि लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिहाज से पार्टी नेतृत्व सेक्टर संगोष्ठी को महत्वपूर्ण काम मानकर चल रहा है। राष्ट्रपति का अभिभाषण सरकार के एजेंडा और दिशा का व्यापक फ्रेमवर्क प्रदान करता है। सेक्टर स्तर पर अभिभाषण के बिंदुओं पर चर्चा कर उसे जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
इन बिंदुओं पर रहेगा फोकस
- विकसित भारत के निर्माण का समय है। दुनिया भारत से प्रेरणा ले रही है।
- सरकार बिना भेदभाव को समाज के हर वर्ग को सशक्त बना रही है।
- 370 से लेकर तीन तलाक तक हटाया।
- महिलाओं के लिए विशेष कार्य, 26 हफ्ते तक मातृत्व अवकाश।
- बुनियादी विकास कार्यों को है प्राथमिकता।
- भारत में पहला प्राइवेट सेटेलाइट भी लांच किया।
- दर्जनों आधुनिक वंदेभारत ट्रेन शुरू हो रही हैं।
बढ़ सकता मानवेंद्र का कार्यकाल
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में सेक्टर स्तर पर संगोष्ठियां आयोजित करने और चुनाव तक निर्धारित कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी के कारण मानवेंद्र सिंह का कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक मानवेंद्र को विधान परिषद भेजने की चर्चा जोरों पर थी पर उनकी सांगठनिक क्षमता के कारण कार्यकाल बढ़ाए जाने की संभावना अधिक है। हालांकि चर्चा है कि संगठन में दो बार कार्यकाल पूरा कर चुके क्षेत्रीय अध्यक्षों को अन्य जिम्मेदारी दी जा सकती है, पर माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकाल बढ़ा भी सकते हैं।
