बरेली: काम में देरी पर ठेकेदारों को नोटिस, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सड़क आदि निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर एसई ने एक्सईन और अवर अभियंताओं की लगाई फटकार

बरेली, अमृत विचार। जेई और ठेकेदारों के रवैये में सुधार नहीं दिख रहा है। फरवरी गुजर चुकी है। मार्च का भी एक सप्ताह निकल चुका है। वर्तमान की स्थिति चिंताजनक बनी है। सोमवार को पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता अभिनेश कुमार ने पीडब्ल्यूडी के निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की तो पारा चढ़ गया। एक्सईएन से फोन कर निर्माण कार्यों में देरी का कारण पूछा तो वह गोलमाल जवाब देने लगे। इस पर दो टूक कहा कि बहानेबाजी मत करो। काम में देरी करने वाले ठेकेदारों को तत्काल नोटिस दो।

उन्होंने अवर अभियंताओं को लेकर कहा कि ठेकेदार के सामने यह सब हेल्पलेस साबित हो रहे हैं। 31 मार्च तक हर हाल में निर्माणाधीन सड़क और पुलियों का काम पूरा हो जाना चाहिए। अगर काम पूरे नहीं हुए तो ठेकेदार को काली सूची में डालने के साथ ही संबंधित का जवाब तलब किया जाएगा। जनपद में नवाबगंज, भुता, बहेड़ी, मीरगंज समेत कई क्षेत्रों में पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़कों को दुरुस्त करने के साथ पुलियों का निर्माण कराया जा रहा है। 

शहर में किला पुल के अलावा मिनी बाईपास रोड समेत कई सड़कों को दुरुस्त करने का काम चल रहा है। यह सभी काम 31 मार्च तक पूरे करने के निर्देश हैं। एसई की ओर से पिछले सप्ताह समीक्षा के दौरान बिजौरिया और बहेड़ी में बन रही सड़कों को लेकर खासा निर्देश दिए थे, लेकिन इसकी प्रगति में कुछ सुधार नहीं हुआ।

इसी तरह नवाबगंज के बिजौरिया रोड पर सीसी रोड की दोनों तरफ सीमेंट की टाइल्स बिछाने का काम ठप पड़ा है। एसई ने बताया कि 31 मार्च तक शहर स्थित निर्माणाधीन किला पुल के अलावा पुलियों और सड़कों का कार्य पूरा नहीं हुआ तो ठेकेदार के साथ जेई और एक्सईएन पर भी कार्रवाई तय है।

यह भी पढ़ें- दिख रहे ये लक्षण तो हो जाएं सतर्क, बरेली में 139 टीबी के नए मरीजों की हो चुकी है पुष्टि

संबंधित समाचार