सुल्तानपुर: पूर्व प्रधान के पुत्र पर बदमाशों का हमला, घर में घुसकर चाकू से किये कई वार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीछे के रास्ते से बांस के सहारे घर में घुसे, पुलिस ने शुरू की जांच पड़ताल

बल्दीराय/ सुल्तानपुर, अमृत विचार। अज्ञात बदमाशों ने सोमवार रात घर में घुसकर पूर्व प्रधान के पुत्र पर चाकुओं से हमला कर दिया। खून में लथपथ युवक को परिजन लेकर स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के लिए पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की है। 

घटना बल्दीराय तहसील क्षेत्र के इसौली ग्राम सभा की है। जहां गांव निवासी रमेश कुमार श्रीवास्तव के घर अज्ञात बदमाश सोमवार की देर रात घर के पीछे के रास्ते से बांस लगा कर चढ़े और घर में सो रहे रमेश कुमार श्रीवास्तव पुत्र राज किशोर श्रीवास्तव के ऊपर चाकुओं से वार किया गया।  जिससे उन्हें काफी चोटें आई हैं। रमेश ने मदद के लिए आवाज लगाई, जिसे  सुनकर परिजनों की नींद टूटी। इस पर परिजनों ने गुहार मचाया तो स्थानीय लोग दौड़े। इसी बीच बदमाश छत से कूदकर फरार हो गए। उधर गंभीर अवस्था में एंबुलेंस से रमेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं बल्दीराय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

थानाध्यक्ष अमरेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। उसी  के आधार पर विधिक कार्यवाही की जायेगी। जांच पड़ताल की जा रही है।

ये भी पढ़ें - लखनऊ: फ्लैट बेचने का झांसा देकर किरायेदार से हड़पे 18 लाख, 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज

संबंधित समाचार