Banda: Mafia Mukhtar Ansari के दो मददगारों पर गरजा योगी का बुलडोजर, नक्शा पास न होने पर भी कराया था अवैध निर्माण
बांदा में माफिया मुख्तार अंसारी के दो मददगारों पर योगी का बुलडोजर गरजा।
बांदा में माफिया मुख्तार अंसारी के दो मददगारों पर योगी का बुलडोजर गरजा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन अपराधियों के अवैध निर्माण घर का नक्शा पास न होने और शर्तों का उल्लंघन करने के कारण ढहाये गये हैं।
बांदा, अमृत विचार। माफिया मुख्तार के मदद के आरोपियों को संरक्षण देने के आरोप में मंगलवार को शहर निवासी दो मददगारों के अवैध निर्माण पर योगी का बुलडोजर गरजा। पुलिस ने शहर के मोहल्ला अलीगंज निवासी रफीकुस्समद पुत्र फकुर्रुस्समद के ईदगाह रोड स्थित निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और जिला परिषद चौराहा निवासी इख्तियार अहमद पुत्र इम्तियाज के घर के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर ढहा दिये।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि इन अपराधियों के अवैध निर्माण घर का नक्शा पास न होने और शर्तों का उल्लंघन करने के कारण ढहाये गये हैं। गौरतलब है कि रफीकुस्समद माफिया मुख्तार अंसारी को लॉजिस्टिक सपोर्ट व अन्य सुविधाएं देता था, जबकि इख्तियार अहमद के घर से लाइसेंसी डबल बैरल गन के साथ कारतू बरामद किये गये। उस पर आरोप है कि उसने तय सीमा से अधिक कारतूस रखकर शर्तों का उल्लघंन किया। उसके संबंध में लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिये रिपोर्ट भेजी जा रही है।
इसके अलावा अन्य कार्यवाही भी की जा रही है। रफीकुस्समद के घर से सात लाख रुपये कैश बरामद हुए हैं, जिसके संबंध में कार्यवाही के लिये आयकर विभाग से पत्राचार किया जा रहा है। उसके खिलाफ रंगदारी मांगने के संबंध में अभियोग भी पंजीकृत किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विगत दिनों भी जनपद पुलिस द्वारा अपराधियों के अवैध निर्माण पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाहियां की जा चुकी हैं। आगे भी अपराध करने और अपराधियों व माफियाओं को संरक्षण देने वालों पर इसी तरह कड़ी कार्यवाही होती रहेगी।
