बिजनौर: डीजे पर फरमाइशी गाना बजाने के विवाद में युवक के मारा चाकू, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्दौर, अमृत विचार। रंग खेलते समय डीजे पर गाना बजाने को लेकर कुछ युवकों में विवाद हो गया। जिसमें किसी ने युवक को चाकू मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

बुधवार को मोहल्ला जमनावाला (भूड़) में रंग खेलते समय डीजे पर गाने की फरमाइश को लेकर कुछ लोगों का आपस में वाद-विवाद हो गया। विवाद के दौरान किसी ने आकाश सैनी 22 वर्ष पुत्र महेश निवासी मोहल्ला जमनावाला को चाकू मारकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौत की खबर सुनते ही गुस्साए परिजनों व मोहल्लेवासियों ने शव को थाने के सामने रखकर हंगामा किया तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने मौके पर पहुंचकर मृतक के भाई की तहरीर पर रवि कुमार , मोहन, रोहित व अनुज समस्त निवासी मोहल्ला जमनावाला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए मोहन को हिरासत में ले लिया। अपर पुलिस अधीक्षक के गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम खोल दिया। 

क्षेत्राधिकारी नगर ने भी स्थानीय पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया था। गुरुवार सुबह पुलिस ने अन्य तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें- बिजनौर: मामूली कहासुनी में पिता ने चाकू मारकर की बेटे की हत्या

संबंधित समाचार