बरेली: यात्रियों की मजबूरी में रेलवे ने तलाशा मौका, 23 लाख जुर्माना वसूला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

होली पर घर जाने के लिए वेटिंग और जनरल टिकट पर आरक्षित कोचों में यात्रा करने वाले 4 हजार लोग बने निशाना

बरेली जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर यात्रियों की भीड़(फोटो)

बरेली, अमृत विचार। होली पर घर जाना ही था, लिहाजा हजारों यात्रियों ने टिकट कन्फर्म न होने के बावजूद यात्रा की और जनरल टिकट पर भी आरक्षित कोच में घुस गए। रेलवे के लिए यात्रियों की यह मजबूरी कमाई का मौका साबित हुई। मुरादाबाद रेल मंडल के अफसरों के निर्देश पर होली से पहले अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों से जुर्माने की वसूली के लिए ट्रेनों में चेकिंग अभियान शुरू हुआ जिसमें करीब चार हजार यात्रियों से 23 लाख का जुर्माना वसूल किया गया।

होली से पहले रेलवे अफसरों ने नियमित ट्रेनों में कोच बढ़ाने के साथ स्पेशल ट्रेनें चलाने का दावा किया था लेकिन फिर भी जब घर जाने वालों की भीड़ शुरू हुई तो ट्रेनें उसे संभाल नहीं पाईं। पिछले आठ दिनों से ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई थी कि आरक्षित और अनारक्षित दोनों तरह के कोच में पैर रखने तक के लिए जगह नहीं थी।

नियमित ट्रेनों में तो महीने भर पहले से ही वेटिंग शुरू हो गई थी, स्पेशल ट्रेनों में भी हजारों टिकट कन्फर्म नहीं हो पाए। नतीजा यह हुआ कि सात मार्च को जब सर्वाधिक यात्री घर जाने के लिए निकले तो टिकट कन्फर्म न होने के बावजूद ट्रेनों में सवार हो गए। जनरल टिकट वाले भी आरक्षित कोच में घुस गए। इसके अलावा बड़ी संख्या में बगैर टिकट के भी लोगों ने ट्रेनों में यात्रा की।

अनियमित टिकट की अलग-अलग श्रेणियों में पिछले आठ दिन में बरेली जंक्शन के टिकट चेकिंग स्टाफ ने 4396 मामलों में 23 लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूला। सर्वाधिक जुर्माना होली से एक दिन पहले यानी 7 मार्च को वसूल किया गया। इस दिन रेलवे के चेकिंग स्टाफ ने 694 मामलों में 3.93 लाख रुपये का जुर्माना यात्रियों से वसूला। होली के अगले दिन बृहस्पतिवार को भी ट्रेनों में यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ रही।

होली मनाकर लौटना भी पड़ेगा भारी
माना जा रहा है कि अब घर पर होली मनाकर लौटने वालों के लिए ट्रेनों में सफर भारी पड़ेगा। अनुमान है कि अगले आठ दिन तक घर से लौटने वालों की ट्रेनों में जबर्दस्त भीड़ रहेगी। रेलवे की ओर से इन यात्रियों के लिए वही इंतजाम हैं जो होली से पहले किए गए थे। लिहाजा उन्हें सफर में फिर उसी मारामारी का सामना करना पड़ेगा। बताया जा रहा है कि रेलवे का चेकिंग अभियान भी जारी रहेगा। इसके अलावा सुरक्षा के लिहाज से आरपीएफ और जीआरपी भी लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाएंगी।

आठ दिन में पकड़े गए केस और जुर्माना-

दिन                   केस              जुर्माना (लाख में)
01 मार्च            249             1.28
02 मार्च            615             3.49
03 मार्च            516             2.82
04 मार्च            565             3.02
05 मार्च            692             3.85
06 मार्च            493             2.79
07 मार्च            694             3.93
08 मार्च            342             1.83

यह भी पढ़ें- बरेली: गुजरात की कंपनी को हैंडओवर हुई लंपी प्रोवैक इंड वैक्सीन

संबंधित समाचार