बाराबंकी : नशे में धुत आरक्षी ने जमकर मचाया उत्पात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वृद्ध को रौंदा, बाइक में मारी टक्कर , गुमटी तोड़ी

बाराबंकी, अमृत विचार। कथित रूप से नशे में धुत एक आरक्षी ने बृहस्पतिवार को दोपहर में जमकर उत्पात मचाया ।पहले निजी वाहन से एक साइकिल सवार वृद्ध को रौंद डाला । वृद्ध को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए उसने असंद्रा बाजार में सड़क किनारे खड़ी बाइक में टक्कर मारकर एक गुमटी तोड़ डाली ।दीवार से टकराने पर वाहन की रफ्तार थम गई ।हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस आरक्षी को थाने ले आई और मेडिकल के लिए सीएचसी सिद्धौर ले गई।

असंद्रा थाना पर पीआरवी 1701 पर आरक्षी अशोक सिंह की चालक के रूप में तैनाती है ।वह अपनी मूंछों और स्टाइल से क्षेत्र में सिंघम के नाम से चर्चित है ।बृहस्पतिवार को थाना परिसर में साथी पुलिसकर्मियों संग होली खेलने के बाद वह स्विफ्ट डिजायर कार से नई सड़क तिराहा गया था । वहां से वह तेज रफ्तार में कार लेकर थाने वापस आ रहा था ।रास्ते में देवरा झलिया मोड़ के पास उसने सामने से साइकिल लेकर आ रहे संगौरा तैय्यब निवासी लाल मोहम्मद (70) को रौंद डाला जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया ।

यहां से असंद्रा बाजार पहुंचने पर बेकाबू कार ने सोनू खान किराना स्टोर के सामने खड़ी मिर्चिया गांव के रामसुमिरन की बाइक में टक्कर मार दी और पास में स्थित महबूब अली की गुमटी तोड़ डाली ।वहीं स्थित एक दीवार में टकराने के बाद कार की रफ्तार थम गई ।इसपर आरक्षी कार से निकलकर भागने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस आरक्षी को लेकर थाने ले आई और मेडिकल के लिए सीएचसी सिद्धौर ले गई। इंस्पेक्टर असंद्रा नीतीश श्रीवास्तव ने बताया कि आरक्षी के विरुद्ध संबंधित धारा में मामला दर्ज कर उसे जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। 

यह भी पढ़ें : कानपुर : सड़क हादसों में 21 की मौत, तीन दर्जन से ज्यादा घायल

संबंधित समाचार