संभल में अंतिम संस्कार से पहले मुंह में टपकाई मदिरा, जानें क्यों किया ऐसा?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। ..पंडित जी मेरे मरने के बाद बस इतना कष्ट उठा लेना, मेरे मुंह में गंगा जल की जगह थोड़ी मदिरा टपका देना। यह फिल्मी गाना सुना होगा, लेकिन हकीकत में ऐसा नजारा नहीं देखा होगा जब किसी व्यक्ति का शव अंतिम संस्कार के लिए चिता पर रखा हो और उसके चाहने वाले मुंह में मदिरा टपका रहे हों।

संभल में वास्तव में एक व्यक्ति के मरने के बाद परिवारजनों व परिचितों ने चिता पर शव रखने के बाद अग्नि प्रज्वलन से पहले मरने वाले के मुंह में मदिरा टपकाई।

सरथल पुलिस चौकी अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति कल मोहल्ले के बाकी लोगों के साथ होली के जश्न में शामिल था। शराब का ज्यादा सरुर चढ़ा तो वह उस जगह कुर्सी पर बैठ गया जहां डीजे बज रहा था। हालत बिगड़ी तो उसे ज्यादा नशे में समझकर घर ले जाकर लिटा दिया गया।

शाम को खाना खिलाने के लिए उठाने का प्रयास किया तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। गुरुवार को इस व्यक्ति को अंतिम संस्कार के लिए शहर के श्मशान घाट पर ले जाया गया। गमगीन माहौल में शव को चिता पर रखा गया,लेकिन इसके बाद यहां जो नजारा सामने आया उसे देखकर तमाम लोग हैरत में पड़ गये।

मुंह में शराब टपका कर दी श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार के लिए शव को चिता पर रखने के बाद एक व्यक्ति चिता के पास पहुंचा और शराब की बोतल निकालकर कुछ बूंदें मरने वाले के मुंह पर टपकाईं। इसके बाद वह श्रद्धांजलि देकर अंतिम विदा की मुद्रा में वहां से हट गया।

इसी तरह कई लोग चिता पर गये और शराब की बूंदें मरने वाले के मुंह पर टपकाकर श्रद्धांजलि दी। यह सब किसी मजाक के अंदाज में नहीं बल्कि भारी गमगीन माहौल में हुआ। इन लोगों का कहना था कि आखिरी वक्त में मरने वाले को उसकी सबसे प्रिय वस्तु मिले तो उसकी आत्मा को शांति मिलती है। इस व्यक्ति को शराब प्रिय थी इसलिए उन्होंने ऐसा किया।

यह भी पढ़ें- बरेली: आंवला के गैंगस्टर दंपती की 32 लाख की संपत्ति होगी जब्त, जानिए पूरा मामला

संबंधित समाचार