बरेली: आंवला के गैंगस्टर दंपती की 32 लाख की संपत्ति होगी जब्त, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डीएम ने दिया आदेश, गैंगस्टरों की अब तक करीब 40 करोड़ की संपत्ति जब्त

बरेली, अमृत विचार। एसएसपी की रिपोर्ट पर डीएम शिवाकान्त द्विवेदी ने आंवला के गैंगस्टर कुंवरपाल और उसकी पत्नी सोमवती की करीब 32 लाख की संपत्ति जब्त करने के आदेश दिए हैं। अलीगंज के गांव धीमर गौंटिया के इस दंपती के नाम कृषि भूमि और ट्रैक्टर है, जिसे जब्त किया जाएगा।

कुंवरपाल के विरुद्ध थाना अलीगंज में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अलीगंज पुलिस ने अपराधों के जरिए संपत्ति जुटाने के संबंध में रिपोर्ट एसएसपी को भेजी थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने डीएम को उसकी संपत्ति जब्त करने की संस्तुति की थी।

डीएम ने कोर्ट में वाद दर्ज कर इस पर सुनवाई की। इससे पहले भी डीएम कोर्ट से गैंगस्टर में निरुद्ध बिल्डर रमनदीप सिंह, उनके भाई अमनदीप सिंह, हनी कुमार भाटिया, अरविंदर सिंह, युवराज सिंह, सतवीर सिंह की 35 करोड़ 11 लाख से ज्यादा की चल और अचल संपत्ति जब्त की गई थी।

इसके साथ गोकशी में निरुद्ध साबिर साजिद की चल संपत्ति के तौर पर 12.48 लाख की दो कारें, बहेड़ी के प्रेमपाल, उसके भाई शिवचरण पाल की दो करोड़ 2 लाख से अधिक की चल-अचल संपत्ति जब्त की गई। भुता के नईम की 55 हजार रुपये की बाइक जब्त की गई थी। पिछले साल तस्कर हाजी फैय्याज की 2.67 करोड़ की चल-अचल संपत्ति जब्त की गई थी। इसमें उसकी कोठी भी शामिल थी।

कटरी कांड के आरोपियों की भी संपत्तियां जब्त होंगी
कटरी कांड में जमीनों के लिए खून-खराबा करने वाले सुरेश प्रधान और सरदार परमजीत की संपत्तियां भी जब्त करने की तैयारी चल रही है। फरीदपुर पुलिस इनकी संपत्तियों का ब्योरा जुटा रही है। रिपोर्ट तैयार होने के बाद एसएसपी कार्यालय भेजी जाएगी। इसके बाद रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचेगी। इस कांड के सभी आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर कुछ दिन पहले ही लगाई गई थी।

यह भी पढ़ें- बरेली: अशरफ के गुर्गे को उठाया, जिला जेल से डीवीआर भी कब्जे में ली

संबंधित समाचार