मेरठ: सिपाही की बाइक में आवारा गोवंश ने मारी टक्कर, मौत
मेरठ, अमृत विचार। मेरठ-करनाल हाईवे पर पोहल्ली के पास बुलेट सवार हैड कांस्टेबल की बुलेट में आवारा गोवंश ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सिपाही की गिरकर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस सिपाही को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। लेकिन, चिकित्सकों ने सिपाही को मृत घोषित कर दिया।
पोहल्ली स्थित महावीर एजूकेशनल पार्क के पास एक आवारा गोवंश ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिसमें गंभीर रूप से चोट लगने पर हैड कांस्टेबल संजीव शर्मा (46) वर्ष पुत्र राम निवास शर्मा निवासी रामघाट रोड अवंतिका कॉलोनी अलीगढ़ की मौत हो गई। संजीव शर्मा का कुछ दिन पहले ही सरूरपुर थाने से लिसाड़ी गेट थाने में स्थानांतरण हुआ था। संजीव शर्मा मेरठ- करनाल हाईवे पर भूनी गांव में किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे। सीओ सरधना ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि संजीव शर्मा 2008 में उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे। हादसे के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उनके परिजनों को फोन पर सूचना दे दी गई है। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
ये भी पढ़ें- मेरठ: 21 घंटे बाद नाले में मिला मासूम बच्ची का शव, मचा कोहराम
