हल्द्वानी: कूड़े से कमाई करने की जुगत में नगर निगम
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) को विकसित करने की तैयारियों में लगा हुआ है। दूसरी ओर गौला रोखड़ में कृषि मंडी से निगम को प्राप्त हुई जमीन पर एमआरएफ का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए डीएम ने इस योजना कार्य के लिए संस्तुति प्रदान कर दी है।
आदेश प्राप्त होते ही नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय की अगुवाई में नगर निगम की टीम ने प्रस्तावित स्थान का निरीक्षण भी पूरा कर लिया है। इस कार्य के लिए 35 लाख रुपये की डीपीआर तैयार कर लिया गया है। जल्द ही संबंधित कंपनी को कार्य निर्माण के लिए सौंप दिया जाएगा।
मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी निर्माण होने के बाद शहर से निकलने वाले कूड़े को अलग किया जाएगा। इसमें कांच, कपड़े, लोहा और प्लास्टिक सहित आदि कचरे को अलग-अलग कर चैंबरों में इकट्ठा किया जाएगा। इसी के साथ ही गीले कूड़े को निस्तारित कर जैविक खाद बनाया जाएगा। इसके लिए कंपोस्ट पिट और कंपोस्ट तैयार करने वाली मशीन को लगाने की योजना है।
वहीं ठोस कचरे को अलग कर नगर निगम इससे कमाई भी कर सकेगा। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी की ओर से पत्र लिखकर मैटेरियल रिकवरी फैसलिटी विकसित करने की आवश्यकता बताई गई थी।
