काशीपुर: गन्ना अनुसंधान संस्थान से 15 किसानों समेत 20 सदस्यों की टीम प्रशिक्षण के लिए कोयंबटूर रवाना
काशीपुर, अमृत विचार। कोयंबटूर में होने तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के लिए राज्य के प्रगतिशील गन्ना कृषकों एवं विभागीय कर्मचारियों की बीस सदस्यीय टीम रवाना हो गई है।
शुक्रवार को गन्ना अनुसंधान संस्थान से 15 किसानों समेत 20 सदस्यों की टीम को कोयंबटूर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के लिए गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री सौरभ बहुगुणा ने वीडियो कॉल व गन्ना आयुक्त हंसा दत्त पांडेय ने झंडा दिखाकर रवाना किया।
अध्ययन टीम में 15 गन्ना कृषक, गन्ना अनुसंधान केंद्र से एक वैज्ञानिक, विभागीय कार्मिक प्रतिभाग कर रहे है। अध्ययन यात्रा को 13 मार्च 15 मार्च तक गन्ना प्रजनन संस्थान, कोयम्बटूर के वैज्ञानिकों द्वारा गन्ना बुवाई का मुख्य उद्देश्य, नवीनतम शस्य तकनीक, गन्ने की स्वीकृत नवीनतम प्रजातियां, स्वरण गन्ना बीज का चुनाव, संतुलित खाद एवं उर्वरक प्रबंधन, चीनी परता में सुधार के लिए नवीनतम तकनीक की जानकारी दी जाएगी। गन्ना आयुक्त ने कहा की कृषक कोयम्बटूर में आयोजित उक्त प्रशिक्षण शिविर में गन्ना उत्पादन की नई नई तकनीक सीख कर आएं।
कहा प्रशिक्षण में सीखी तकनीकी को स्वयं अपनाने के साथ ही अन्य कृषकों को भी प्रेरित करें। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग उत्तराखंड के विशेष अनुरोध पर गन्ना प्रजनन संस्थान, कोयम्बटूर (तमिलनाडु) द्वारा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड को प्रथम बार रेजिडेंशियल प्रशिक्षण की अनुमति प्रदान की गई है। इस दौरान नीलेश कुमार सहायक निदेशक, कपिल गुप्ता, राजेश कुमार, जीवन पन्त मौजूद रहे।
