मुरादाबाद : साहब! इधर नजर घुमाइए, यहां भी है अतिक्रमण
एसपी सिटी कार्यालय के बाहर फलों के ठेले रोज खड़े होते हैं, इन्हें न तो प्रशासन का डर है और न ही कानूनी कार्रवाई का
नगर निगम कार्यालय के बाहर लगी दुकान।
मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर में नगर निगम प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान काफी समय से चल रहा है, लेकिन निगम के कार्यालय के बाहर और आसपास ही अतिक्रमण है। इससे निगम प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहा है। शहर में स्मार्ट सिटी के तहत अतिक्रमण हटाया जा रहा है। इसमें नगर निगम टीम ने बुध बाजार में अवैध रूप से बनी सालों पुरानी बिल्डिंग, दुकान, होटल को तोड़वा दिया है। कांठ रोड पर आए दिन जेसीबी से अतिक्रमण हटाया जाता है। हालांकि यहां अगले दिन से दोबारा वहीं हालात देखने को मिलते हैं।
एसपी सिटी कार्यालय के बाहर फलों के ठेले रोज खड़े होते हैं, इन्हें न तो प्रशासन का डर है और न ही कानूनी कार्रवाई का। शहर में नगर निगम का कार्यालय टाउन हाल में स्थित है। यहां शहर का मुख्य बाजार भी है। यहां सड़क किनारे फड़ पर अवैध दुकान बनाकर बिक्री की जाती है। किसी दुकानदार ने कपड़े बाहर रखे हुए हैं, तो किसी ने पुतले। कार्यालय के मुख्य गेट के बाहर ही अतिक्रमण कर कपड़े बिकते हैं। लेकिन नगर निगम के अधिकारी इसकी अनदेखी कर रहे हैं।
द्श्य -1 : गुहट्टी चौराहा से अगर आप ताड़ीखाना तिराहा से होते हुए नगर निगम कार्यालय जाएंगे, तो यहां सड़क किनारे बाइक, रिक्शा आदि खड़े मिलेंगे। सड़क के बीच कार खड़ी मिलेंगी। ताड़ीखाना तिराहा से कार्यालय तक पहुंचने तक कई नामचीन दुकानें मिलेंगी। इनके बाहर वाहनों का खड़ा रहना आम बात है। इन दुकानों के सजावट के सारे समाना अवैध अतिक्रमण में ही देखने को मिलेंगे।
द्श्य -2 : गुरहट्टी चौराहा से जब आप टाउन हॉल की ओर चलेंगे। यहां रोड की दोनों ओर दुकानें हैं। इनमें कपड़ों, हलवाई, जूते-चप्पल आदि की दुकानें शामिल हैं। यहां दुकानदारों ने दुकानों के बाहर अतिक्रमण कर रखा है। किसी ने दुकान के बाहर कपड़े सजा रखे हैं। तो किसी ने दुकान के बाहर पुतले खड़े कर रखे हैं। यहीं नहीं रोड किनारे फड़ पर कपड़ों पर रंग किया जाता है। जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है।
द्श्य -3 : नगर निगम कार्यालय के दायें मुख्य गेट के सामने सड़क किनारे फड़ पर दिनदहाड़े कपड़े बेचे जाते हैं। यहां सड़क की दोनों तरफ फड़ है। यहां पूरे दिन खरीददारी होती है। जिस वजह से यहां अक्सर भीड़ देखने को मिलती है। हालात इतने बदतर हैं कि यहां से कार निकले में काफी समय बर्बाद होता है। कई बार तो बाइक को निकलने में परेशानी होती है। ये हालात कार्यालय के बाहर के हैं।
द्श्य -4 : नगर निगम कार्यालय के बायें गेट से जब आप बाहर निकलेंगे, तो दोनों तरफ दूल्हों को सजाने की दुकानें हैं। यानी दूल्हों के लिए कपड़े मिलते हैं। यहां अधिकांश दुकानों के बार सजे पुतले देखने को मिलेंगे। कपड़ों को दुकान के बाहर रखकर अतिक्रमण किया है। यहीं नहीं कुछ आगे चलने पर आपको चाट-पकौड़ी आदि खाने की चीजों के ठेले भी खड़े देखने को मिलेंगे।
कार्यालय के बाहर अतिक्रमण को हटवा दिया गया था। लेकिन, त्योहार होने की वजह से लोगों ने यहां दोबारा फड़ लगा ली थी। जिसे जल्द हटाया जाएगा। - अनिल कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : एच3एन2 संक्रमण का खतरा बढ़ा, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
